डार्विन में मिली करारी हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। सलामी बल्लेबाज जेक वेदराल्ड को खराब प्रदर्शन की कीमत चुकानी पड़ी है और उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह मैट रेनशॉ को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। हालांकि, 13 सदस्यीय टीम में यह इकलौता बदलाव है। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैके में खेला जाएगा। पहले टेस्ट में वेदराल्ड बल्ले से बुरी तरह नाकाम रहे थे। उन्होंने पहली पारी में 23 और दूसरी पारी में 0 रन बनाए। 6 टेस्ट मैचों के बाद उनके नाम अब सिर्फ 224 रन हैं और उनका औसत 20.36 का है।

वेदराल्ड ने ऑफ सीजन में काउंटी क्रिकेट खेलने के दौरान अपनी बल्लेबाजी तकनीक में कुछ बदलाव किए थे, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ वह नई तकनीक के साथ सहज नजर नहीं आए। दोनों पारियों में उन्हें हसन महमूद ने ही अपना शिकार बनाया। पहली पारी में वह ड्राइव खेलने के प्रयास में कैच दे बैठे, जबकि दूसरी पारी में गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्टंप्स पर जा लगी।

रेनशॉ की तीन साल बाद टेस्ट टीम में वापसी

वेदराल्ड की जगह शामिल किए गए मैट रेनशॉ करीब तीन साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी के करीब हैं। वह सीरीज से पहले ही बैकअप के तौर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ ट्रेनिंग कर रहे थे और अब उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की उम्मीद है। रेनशॉ ने पिछले सीजन शेफील्ड शील्ड में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 49.90 की औसत से रन बनाए और तीन शतक भी लगाए। व्हाईट बॉल क्रिकेट में भी उन्होंने सिलेक्टर्स को प्रभावित किया है। इस साल T20 वर्ल्ड कप के दौरान उन्हें मैट शॉर्ट के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया था। रेनशॉ ने अब तक 14 टेस्ट मैच खेले हैं और उनके नाम 29.31 की औसत से रन हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 2017 में उन्होंने 184 रन की शानदार पारी खेली थी, जो उनका टेस्ट क्रिकेट में हाईएस्ट स्कोर है।

ऑस्ट्रेलिया में ओपनिंग का संकट जारी

वेदराल्ड के बाहर होने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के लिए डेविड वॉर्नर के संन्यास के बाद ओपनिंग का संकट एक बार फिर चर्चा में आ गया है। उस्मान ख्वाजा के अलावा टीम ने वॉर्नर के जाने के बाद अब तक सात अलग-अलग बल्लेबाजों को ओपनिंग में आजमाया है। ट्रेविस हेड एशेज में शानदार प्रदर्शन के बाद इस भूमिका में बने हुए हैं। उनके अलावा स्टीव स्मिथ, नाथन मैकस्वीनी, सैम कॉन्स्टास, मार्नस लाबुशेन और अब वेदराल्ड को भी इस जिम्मेदारी के लिए आजमाया जा चुका है।

लाबुशेन पर भी दबाव बढ़ गया है। डार्विन टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में सिर्फ 1 रन बनाया, जबकि दूसरी पारी में 31 रन पर आउट हुए। वह तैजुल इस्लाम की गेंद पर सेट होने के बाद बड़ी गलती कर बैठे। हालांकि, सिलेक्टर्स ने उन्हें एक और मौका दिया है और मैके टेस्ट में उनकी जगह भी दांव पर हो सकती है।

दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम: ट्रेविस हेड, मैट रेनशॉ, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी, ब्यू वेबस्टर, पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड, जोश इंग्लिस और स्कॉट बोलैंड।

यह भी पढ़ें:

गॉल टेस्ट में बारिश बिगाड़ सकती है टीम इंडिया का खेल, चौथे दिन कैसा रहेगा मौसम?

42 रन और जो रूट बन जाएंगे दुनिया के पहले कप्तान, ENG vs PAK टेस्ट में इतिहास रचने का शानदार मौका

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment