Last Updated:
Market-Style Soft Idli Recipe: इडली बनाने के लिए आमतौर पर बेकिंग सोडा और ईनो का इस्तेमाल किया जाता है. अगर आपके पास इनमें से कोई चीज नहीं है, तब भी आप घर पर रूई जैसी मुलायम इडली बनाई जा सकती है. सही चावल-दाल का अनुपात, बैटर की फर्मेंटेशन और सही स्टीमिंग का तरीका अपनाकर आप परफेक्ट स्पंजी इडली तैयार कर सकते हैं.
घर पर आसानी से सॉफ्ट इडली बनाई जा सकती हैं.
Homemade Idli Recipe: इडली-डोसा और सांभर खाना सभी लोगों को पसंद होता है. ये साउथ इंडियन फूड्स देखकर लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. आजकल नॉर्थ इंडिया में भी जमकर इडली सांभर का आनंद लिया जा रहा है. इडली बनाने के लिए लोग कई रेसिपी फॉलो कर रहे हैं, ताकि स्वाद बिल्कुल बाजार जैसा आए. कई लोगों की शिकायत होती है कि घर पर बनी इडली बाजार जैसी फूली हुई और स्पंजी नहीं बनती. इसके लिए अक्सर लोग ईनो या बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करते हैं. क्या आप जानते हैं कि बिना किसी ईनो और सोडा के भी इडली को बेहद मुलायम और रूई जैसी बनाया जा सकता है?
सही रखें चावल और दाल का रेशियो
सॉफ्ट इडली बनाने का पहला राज है सही सामग्री का इस्तेमाल. इसके लिए इडली चावल और उड़द दाल का सही अनुपात बहुत मायने रखता है. आमतौर पर 3 कप इडली चावल और 1 कप उड़द दाल का अनुपात अच्छा माना जाता है. उड़द दाल इडली को फुलाने और मुलायम बनाने में अहम भूमिका निभाती है. चावल और दाल को अलग-अलग धोकर पर्याप्त पानी में 4 से 6 घंटे के लिए भिगो दें. इससे दाल अच्छी तरह फूल जाती है और पीसने के बाद बैटर हल्का बनता है.
बैटर पीसने के लिए अपनाएं यह तरीका
इडली को स्पंजी बनाने के लिए बैटर की कंसिस्टेंसी सबसे जरूरी होती है. उड़द दाल को पीसते समय थोड़ा-थोड़ा पानी डालें और इसे इतना फेंटें कि बैटर हल्का और फूला हुआ नजर आने लगे. ज्यादा पानी डालने से बैटर पतला हो सकता है और इडली सही तरह से नहीं फूलती. चावल को थोड़ा दरदरा पीसना बेहतर रहता है, क्योंकि इससे इडली में हल्की बनावट आती है और वह ज्यादा सॉफ्ट बनती है. बिना ईनो और सोडा के इडली को फुलाने का सबसे बड़ा राज है प्राकृतिक फर्मेंटेशन. बैटर को पीसने के बाद एक बड़े बर्तन में रखें, ताकि उसमें उठने की जगह रहे. इसे 8 से 12 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर ढककर रख दें. जब बैटर अच्छे से फर्मेंट हो जाए तो उसका आकार थोड़ा बढ़ जाता है और उसमें छोटे-छोटे बुलबुले दिखाई देने लगते हैं. यही प्राकृतिक हवा इडली को रूई जैसी नरम बनाने में मदद करती है.
स्टीम करने का तरीका भी है जरूरी
इडली को सॉफ्ट बनाने के लिए भाप देने का तरीका भी सही होना चाहिए. इडली स्टैंड को हल्का तेल लगाकर तैयार करें और बैटर डालने के बाद पहले से गर्म किए हुए स्टीमर में रखें. मध्यम आंच पर लगभग 10 से 15 मिनट तक इडली पकाएं. तेज आंच पर पकाने से इडली ऊपर से सख्त हो सकती है. पकने के बाद इडली को कुछ मिनट आराम दें, फिर निकालें. अगर आप चाहते हैं कि इडली लंबे समय तक नरम बनी रहे, तो बैटर में एक चम्मच मेथी दाना भिगोकर पीस सकते हैं. मेथी दाना फर्मेंटेशन में मदद करता है और इडली की बनावट को बेहतर बना सकता है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें