No Bread Sandwich Recipe: सुबह के नाश्ते में रोज-रोज पोहा, उपमा या पराठा खाकर अगर आप बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं. सैंडविच खाने का मन हो, लेकिन ब्रेड से दूरी बनानी है, तो बिना ब्रेड वाला यह हाई प्रोटीन सैंडविच अच्छा विकल्प हो सकता है. इसकी खासियत है कि इसमें ब्रेड या बन की जरूरत नहीं पड़ती. पनीर, बेसन, सब्जियों और चीज की मदद से तैयार होने वाला यह सैंडविच बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट व चीजी बनता है. सुबह ऑफिस या कॉलेज जाने की जल्दी हो तो इसे कम समय में तैयार किया जा सकता है. बच्चों के टिफिन के लिए भी यह एक दिलचस्प ऑप्शन है, क्योंकि इसमें सब्जियों के साथ चीज का स्वाद मिल जाता है. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका.

बिना ब्रेड का हाई प्रोटीन सैंडविच कैसे बनाएं?
इस रेसिपी में सैंडविच की बाहरी लेयर पनीर और बेसन के बैटर से तैयार की जाती है. यही वजह है कि ब्रेड के बिना भी इसका आकार और टेक्सचर सैंडविच जैसा नजर आता है. आप चाहें तो पनीर की जगह भिगोए हुए सोया चंक्स का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.

पनीर का तैयार करें मिश्रण
सबसे पहले ब्लेंडर में करीब 100 से 150 ग्राम पनीर डालें. इसमें एक हरी मिर्च, 3 लहसुन की कलियां, थोड़ा सा अदरक, आधा चम्मच जीरा, एक चुटकी हल्दी और थोड़ी काली मिर्च डालें. अब इसमें एक बड़ा चम्मच दही डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह ब्लेंड कर लें. मिश्रण बिल्कुल स्मूद होना जरूरी नहीं है, लेकिन इसमें पनीर के बड़े टुकड़े नहीं रहने चाहिए. अब इसमें करीब एक बड़ा चम्मच बेसन डालकर अच्छी तरह मिला लें. ध्यान रखें कि बैटर बहुत पतला न हो. सैंडविच को तवे या सैंडविच मेकर में आसानी से फैलाने के लिए इसका गाढ़ा होना जरूरी है.

सब्जियों से बढ़ाएं स्वाद
अब बारी आती है सैंडविच की फिलिंग तैयार करने की. इसके लिए बारीक कटा प्याज, शिमला मिर्च, टमाटर और कॉर्न ले सकते हैं, अगर घर में पीली या लाल शिमला मिर्च है तो उसे भी इसमें शामिल करें. सब्जियों में थोड़ा ऑरिगेनो और चिली फ्लेक्स डालें. नमक स्वाद के हिसाब से मिलाएं. आप चाहें तो अपनी पसंद के अनुसार थोड़ी गाजर या बारीक कटी हरी धनिया भी डाल सकते हैं. इससे सैंडविच का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाएंगे.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

अब ऐसे तैयार करें क्रिस्पी सैंडविच
सैंडविच मेकर या ग्रिल पैन को हल्का गर्म करें और उसमें थोड़ा बटर लगाएं. अब पनीर-बेसन का बैटर एक समान मोटाई में फैलाएं. इसके ऊपर तैयार सब्जियों की परत लगाएं और चीज रखें. अगर आपको चीज का स्वाद ज्यादा पसंद है तो चीज की मात्रा थोड़ी बढ़ा सकते हैं. ऊपर से हल्की हरी चटनी लगाकर फिर पनीर वाला बैटर डाल दें. कोशिश करें कि पूरी फिलिंग अच्छी तरह कवर हो जाए. अब सैंडविच मेकर बंद करके इसे दोनों तरफ से धीमी से मध्यम आंच पर सेंकें. जल्दबाजी में तेज आंच रखने से बाहरी हिस्सा जल्दी भूरा हो सकता है, जबकि अंदर का मिश्रण ठीक से नहीं सिकेगा. इसलिए इसे आराम से क्रिस्पी होने दें.

सुनहरा होने पर निकालें
जब सैंडविच दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और कुरकुरा दिखाई देने लगे, तो इसे सावधानी से निकाल लें. कुछ मिनट ठंडा होने दें और फिर तिकोने टुकड़ों में काटें. इसे हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही की डिप के साथ परोसा जा सकता है. बच्चों के लिए बनाते समय चिली फ्लेक्स और हरी मिर्च की मात्रा कम रख सकते हैं.

नाश्ते और टिफिन दोनों के लिए अच्छा ऑप्शन
इस सैंडविच की सबसे बड़ी सुविधा यही है कि इसमें ब्रेड की जरूरत नहीं पड़ती. पनीर और बेसन इसे प्रोटीन वाला नाश्ता बनाने में मदद करते हैं, जबकि सब्जियां स्वाद और टेक्सचर बढ़ाती हैं. हालांकि इसे संतुलित डाइट का हिस्सा मानें और अपनी जरूरत के अनुसार मात्रा तय करें.



Source link

Write A Comment