महिला टी20 एशिया कप 2026 में 9वां मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की महिला टीम के बीच में खेला गया। इस मैच में पाकिस्तानी टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, जिसमें वह सिर्फ 55 रन बनाकर सिमट गई और बाद में भारतीय टीम ने मुकाबले को आसानी से 7 विकेट से जीत लिया। पाकिस्तानी टीम को मिली इस हार के चलते अब उनको सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले को किसी भी परिस्थिति में जीतना होगा। वहीं भारतीय टीम से मिली शर्मनाक हार के बाद भी पाकिस्तानी टीम की अकड़ कम नहीं हो रही है, जिसमें उनके मेंटर और पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी वहाब रियाज ने मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए बयान में टीम को लेकर भरोसा जताया कि वह अभी भी ट्रॉफी जीत सकती है।
एशिया कप ट्रॉफी जीतने के लिए पाकिस्तान सबसे अच्छी टीम
पाकिस्तानी महिला टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल वहाब रियाज मेंटर का पद संभाल रहे हैं, जिसमें भारतीय टीम के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकर उन्होंने दिए बयान में ये माना कि टीम को बुरी तरह से हार मिली है, लेकिन अभी भी उनके पास सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका बाकी है। वहाब रियाज ने अपने बयान में कहा कि मुझे अब भी लगता है कि इस एशिया कप की ट्रॉफी जीतने के लिए पाकिस्तान सबसे अच्छी टीम है। आज इस मैच की पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी और पाकिस्तान का पहले बल्लेबाजी करने का फैसला सही था, लेकिन हमारे खिलाड़ी इस बड़े मुकाबले के दबाव को झेल नहीं पाए।
हम उनकी मानसिक मजबूती पर काम करेंगे
भारत के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तानी टीम पर दबाव साफतौर पर देखने को मिलता है, जिसमें वहाब रियाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हम प्लेयर्स की मानसिक मजबूती पर काम करेंगे और हम उन्हें बताएंगे कि उन्होंने क्या गलत फैसले लिए। मुझे यकीन है कि हमारी टीम के सभी खिलाड़ी काफी टैलेंटेड हैं और उन्हें बस खुद पर भरोसा करने की जरूरत है। हमारा अगला मैच हांगकांग के खिलाफ है। हम वापस जाकर इस बात पर चर्चा करेंगे कि भारत के खिलाफ मुकाबले में हमसे क्या गलतियां हुईं।
ये भी पढ़ें
पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद गदगद हुईं भारतीय कप्तान, कहा – बेखौफ और आक्रामक खेल दिखाकर खुश हूं
भारत से हारने के बाद फूटा फातिमा सना का गुस्सा, अपनी ही टीम को सुनाई खरी-खोटी