Last Updated:

Makhana Modak Recipe: गणेश जी के प्रिय मोदक को एक नए और सेहतमंद तरीके से बनाएं. पारंपरिक मोदक के बजाय इस बार मखाने, नारियल और गुड़ से स्वादिष्ट मोदक तैयार करें. फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा की यह खास रेसपी न सिर्फ बनाने में आसान है बल्कि इसका स्वाद भी बेहद लाजवाब है. इसमें चीनी की जगह गुड़ और शहद का उपयोग होता है, जिससे यह स्वास्थ्य के लिए भी काफी फायदेमंद है. इसे आप भगवान गणेश के भोग या घर आए मेहमानों के लिए किसी भी खास मौके पर झटपट तैयार कर सकते हैं. केसर और बादाम से सजाकर इसे खास अंदाज में परोसें.

Makhana Modak Recipe in Hindi: मोदक का नाम सुनते ही सबसे पहले भगवान गणेश की मनमोहक तस्वीर आंखों के सामने आ जाती है. गणेश जी को मोदक अत्यंत प्रिय माने जाते हैं और यही वजह है कि भारतीय घरों में मोदक की एक अलग ही खास पहचान और महत्व है. आमतौर पर मोदक को चावल के आटे, ताजे नारियल और गुड़ से तैयार किया जाता है. लेकिन अगर आप पारंपरिक मोदक से कुछ अलग और सेहतमंद ट्राई करना चाहते हैं, तो मखाने के साथ भी इसे खास रूप में तैयार किया जा सकता है.

मखाना मोदक स्वाद में पारंपरिक मिठाई से थोड़ा अलग और बेहद लजीज होता है. मखाने की तासीर और इसके कई स्वास्थ्य लाभ इसे किसी भी त्योहार के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनाते हैं. इसमें मखाने के साथ नारियल, गुड़, बादाम और इलायची का बेहतरीन इस्तेमाल किया जाता है, जो इसके स्वाद को दोगुना कर देते हैं. फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा के अनुसार, मखाने से बनने वाले मोदक का स्वाद हल्का मीठा और बेहद खुशबूदार होता है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे घर पर बहुत ही आसानी से और कम समय में बनाया जा सकता है. इसके लिए आपको किसी खास त्योहार या मौके का इंतजार भी नहीं करना पड़ता. आप मखाना मोदक को भगवान गणेश को विशेष भोग के रूप में पूरे श्रद्धा भाव से अर्पित कर सकते हैं. इसके अलावा, इसे घर आए खास मेहमानों के लिए एक स्वादिष्ट मिठाई के तौर पर भी परोसा जा सकता है.

मखाना मोदक बनाने के लिए सामग्री
फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने 10 से 12 स्वादिष्ट मोदक बनाने के लिए एकदम सही माप बताया है. इसके लिए आपको 1 कप मखाना पाउडर, आधा कप नारियल का बुरादा, आधा कप कद्दूकस किया हुआ गुड़, एक चौथाई कप दूध, 2 बड़े चम्मच शुद्ध देसी घी, 1 बड़ा चम्मच शहद, 2 बड़े चम्मच बारीक कटे हुए बादाम, आधा छोटा चम्मच ताजी पिसी इलायची का पाउडर और 8 से 10 धागे केसर की जरूरत होती है. आप मोदक की सजावट के लिए चांदी का वरक भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

मखाना मोदक बनाने की विधि
इन खास मोदक को बनाने की प्रक्रिया बहुत सरल है. सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही लें और उसमें मखानों को धीमी आंच पर हल्का कुरकुरा होने तक अच्छी तरह भून लें. इसके बाद जब मखाने पूरी तरह ठंडे हो जाएं, तो इन्हें मिक्सर ग्राइंडर में डालकर बारीक पाउडर तैयार कर लें. अब पैन में 2 बड़े चम्मच घी गर्म करें और इसमें मखाना पाउडर तथा नारियल का बुरादा डालें. इन दोनों चीजों को 2 से 3 मिनट तक धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. अब इस मिश्रण में गुड़ और दूध डालकर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब यह पूरा मिश्रण गाढ़ा होने लगे और किनारों से पैन छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें. इसे ठंडा होने दें. मिश्रण हल्का गुनगुना रहने पर इसमें शहद, इलायची पाउडर और कटे हुए बादाम डालकर अच्छी तरह मिला लें.

मोदक को दें सुंदर आकार
अब हाथों पर थोड़ा सा घी लगाकर चिकना कर लें और मिश्रण के छोटे हिस्से लें. इन्हें मोदक के सांचे में अच्छी तरह दबाकर भरें और मोदक का आकार दें. सांचा न हो तो हाथों से भी इन्हें मोदक का रूप दिया जा सकता है. तैयार मोदक के ऊपर केसर के धागे और नारियल का बुरादा लगाकर सजाएं. चाहें तो चांदी के वरक की हल्की परत भी लगा सकते हैं. आपके लजीज मोदक तैयार हैं.

About the Author

vicky Rathore

Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with News18 Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment