ऑस्ट्रेलिया के T20 कप्तान मिचेल मार्श ने 10 अगस्त को ऐसा मुकाम हासिल कर लिया, जो उनसे पहले देश का कोई बल्लेबाज नहीं छू सका था। मार्श एक कैलेंडर ईयर में 1500 T20 रन बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि द हंड्रेड में सनराइजर्स लीड्स की ओर से वेल्श फायर के खिलाफ खेलते हुए हासिल की।

टिम डेविड का रिकॉर्ड चकनाचूर

हेडिंग्ले के लीड्स में खेले गए मुकाबले में मार्श ने 34 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली। इस अर्धशतक के साथ 2026 में उनके T20 रनों की संख्या 1502 पहुंच गई। उन्होंने यह आंकड़ा सिर्फ 35 मैचों में हासिल किया है। मार्श ने इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के पिछले रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया। इससे पहले एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा T20 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का रिकॉर्ड टिम डेविड के नाम था। डेविड ने 2022 में 73 T20 मुकाबलों में अलग-अलग सात टीमों के लिए खेलते हुए 1461 रन बनाए थे।

एक साल में सबसे ज्यादा T20 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज

  • मिचेल मार्श – 1502 रन (2026)
  • टिम डेविड – 1461 रन (2022)
  • ट्रेविस हेड – 1442 रन (2024)
  • एरॉन फिंच – 1350 रन (2018)
  • डार्सी शॉर्ट – 1346 रन (2018)
  • डेविड हसी – 1275 रन (2010)

साल 2026 में जमकर चल रहा बल्ला

मार्श के लिए 2026 अब तक बेहद व्यस्त और शानदार रहा है। उन्होंने साल की शुरुआत पर्थ स्कॉर्चर्स के साथ बिग बैश लीग से की। इसके बाद IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रतिनिधित्व किया। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए T20 इंटरनेशनल भी खेल चुके हैं और फिलहाल द हंड्रेड में सनराइजर्स लीड्स के लिए बल्ले से धमाल मचा रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया के लिए इस साल सात T20 इंटरनेशनल मैचों में मार्श ने 230 रन बनाए। IPL 2026 में उन्होंने 13 मैचों में 563 रन जोड़े, जबकि बिग बैश लीग के आठ मुकाबलों में उनके बल्ले से 335 रन निकले। द हंड्रेड के मौजूदा सीजन में भी वह शानदार फॉर्म में हैं और सात मैचों में 374 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। सनराइजर्स लीड्स के लिए मार्श अब तक चार अर्धशतक लगा चुके हैं। उनके पास द हंड्रेड के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम करने का मौका है। इसके लिए उन्हें बाकी बचे मुकाबलों में कम से कम 51 रन और बनाने होंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जेम्स विंस के नाम है, जिन्होंने 2024 में सदर्न ब्रेव के लिए 10 मैचों में 424 रन बनाए थे।

यह भी पढ़ें:

वेस्टइंडीज को लगा तगड़ा झटका, ODI वर्ल्ड कप 2027 में सीधे एंट्री का मौका खत्म, लगातार तीसरी बार खेलेगा क्वालीफायर

अफगानिस्तान ने ODI World Cup 2027 के लिए किया क्वालीफाई, रोमांचक मुकाबले में आयरलैंड को हराया

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment