Last Updated:

Thecha Fried Rice: आपने आज तक कई तरह का फ्राइड राइस खाया होगा पर ये खास रेसिपी शायद ही चखी हो. इसके लिए भुनी मूंगफली, हरी मिर्च और हरी धनिया का इस्तेमाल होता है और इन सबसे ग्रीन फ्राइड राइस बनकर तैयार होता है. ये फटाफट रेसिपी स्वाद में बेहतरीन होती है.

ख़बरें फटाफट

रांची. झारखंड की राजधानी रांची में खासतौर पर एक फ्राइड राइस घर पर बनाया जाता है. इसकी खास बात यह है कि यह मूंगफली, धनिया पत्ता, हरी मिर्च और नींबू जैसी चीजों के मिश्रण से बनाया जाता है. इसे ग्रीन राइस भी कहते हैं. खाने में भी यह बहुत स्वादिष्ट लगता है और यह 5 मिनट की रेसिपी है. टिपिकल फ्राइड राइस से यह बिलकुल अलग होता है लेकिन स्वाद में इतना जबरदस्त कि एक बार खाने वाले बार-बार इसकी डिमांड करते हैं.

रांची की गृहिणी उषा बताती हैं, सबसे पहले आपको मूंगफली लेनी होगी और उसे अच्छे से रोस्ट कर लीजिए. जब रोस्ट हो जाए तो नीचे उतार लीजिए. इसके साथ कम से कम 4 से 5 बड़ी हरी मिर्च, धनिया पत्ता और 5 लहसुन की कलियां छीलकर ले लीजिए. सामग्री को चावल की मात्रा के हिसाब से बढ़ा या घटा सकते हैं. इतनी सामग्री में दो लोगों के खाने भर का राइस बन जाएगा.

अब इन सभी को पीस लें
अब आपको इन सभी को पीस लेना है. एक बात का ध्यान रखना है. इसे मिक्सी में नहीं पीसना है, बल्कि सिलबट्टे या मसाले कूटने वाली कुटनी में लेकर अच्छे से कूट देना है. ध्यान रहे, यह थोड़ा दरदरा रहे तो अच्छा है. इसके बाद गैस पर कढ़ाई चढ़ाकर उसमें तेल डालें और जीरा, राई का तड़का व करी पत्ता डालकर अच्छे से पका लीजिए.

इसके बाद आपने जो मूंगफली वाला मसाला तैयार किया है, उसे डाल दीजिए. फिर थोड़ा सा हल्दी, नमक और थोड़ा धनिया पाउडर डालकर अच्छे से चला लीजिए. इसके बाद पहले से बने सादे चावल उसमें डाल दीजिए. आप अपने खाने की मात्रा के अनुसार चावल ले सकते हैं. इसके बाद 5 से 7 मिनट तक तेज आंच पर लगातार फ्राई करते रहना है.

लीजिए बनकर तैयार है ग्रीन राइस
इसके बाद इसे नीचे उतार लीजिए और प्लेट में गरमा-गरम परोस लीजिए. एक बात का ध्यान रखना है, नीचे उतारते समय इसमें नींबू निचोड़ लीजिए. इससे स्वाद और भी खुलकर आता है. आप इसे ऐसे ही खा सकते हैं. यह इतना स्वादिष्ट लगता है कि इसके साथ किसी और चीज की जरूरत नहीं पड़ती. चाहें तो इसे बूंदी के रायते के साथ भी खा सकते हैं.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment