Last Updated:
Best Sweet Shop Dehradun : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून अपनी खूबसूरत वादियों, शांत फिजाओं और बेहतरीन मौसम के साथ-साथ अपने लाजवाब स्वाद और पारंपरिक मिठास के लिए भी जाना जाता है. रक्षाबंधन का पावन पर्व करीब है. यह त्यौहार भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक है. इस खास मौके पर मिठास का होना बेहद जरूरी माना जाता है. देहरादून का आनंदम स्वीट्स सबसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स में से एक है. रक्षाबंधन पर यहां के मोतीचूर के लड्डू और काजू कतली की भारी मांग रहती है. इस राखी कुछ अलग चाहते हैं तो कुमार स्वीट्स की लौकी बर्फी और मलाई घेवर जरूर ट्राई करें. देहरादून की इंद्राणी स्वीट्स शॉप 79 साल पुरानी है. यहां की मलाई बर्फी दिलों पर राज करती है.
अगर आप इस बार अपने भाई का मुंह मीठा कराने के लिए शहर की सबसे बेहतरीन और भरोसेमंद दुकानों से स्पेशल मिठाइयां खरीदना चाहते हैं, तो देहरादून के ये प्रसिद्ध मिष्ठान भंडार आपके लिए सबसे बढ़िया ऑप्शन साबित होंगे. रक्षाबंधन आते ही इन दुकानों में मिठाई खरीदने वालों का हुजूम उमड़ने लगता है. लोग दूर-दूर से यहां मिठाई खरीदने आते हैं.
शहर की ये पुरानी और प्रतिष्ठित दुकानें सालों से गुणवत्ता और शुद्धता के मामले में लोगों के भरोसे पर खरी उतरती आ रही हैं. चाहे देसी घी से बने मोतीचूर के लड्डू हों या फिर सावन-भादों में खास तौर पर मिलने वाला घेवर, इन दुकानों का स्वाद हर किसी का दिल जीत लेता है. देहरादून की उन 5 मशहूर दुकानों के बारे में जहां से आप रक्षाबंधन के लिए जायकेदार और ताजा मिठाइयां खरीद सकते हैं.
आनंदम स्वीट्स देहरादून के सबसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स में से एक है, जो अपनी शुद्धता और स्वच्छता के मानकों के लिए जाना जाता है. रक्षाबंधन के मौके पर यहां के शुद्ध देसी घी से तैयार मोतीचूर के लड्डू और काजू कतली की भारी मांग रहती है. इनके लड्डू इतने सॉफ्ट और जायकेदार होते हैं कि मुंह में जाते ही घुल जाते हैं. यहां मोतीचूर लड्डू 600 से 680 रुपए प्रति किलो, काजू कतली 900 – ₹1000 प्रति रुपए किलो मिठाई मिल जाती है. देहरादून के राजपुर रोड पर यह दुकान मौजूद है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर आप पारंपरिक स्वाद के साथ कुछ खास ढूंढ रहे हैं तो कुमार स्वीट्स की लौकी बर्फी और मलाई घेवर जरूर ट्राई करें. यहां की लौकी बर्फी अपने अनोखे स्वाद और कम मीठे के संतुलन के लिए जानी जाती है. इनका ताजा रसगुल्ले और कलाकंद भी ग्राहकों के बीच बहुत मशहूर हैं. यहां लौकी बर्फी 450 से 520 रुपए प्रति किलो और देसी घी घेवर 650-750 रुपए प्रति किलो मिलती है. ये दुकान क्लॉक टॉवर के पास एमडीडीए कॉम्पलेक्स में मौजूद है.
सावन और रक्षाबंधन का त्यौहार कम्बोज स्वीट्स के घेवर के बिना अधूरा माना जाता है. यह दुकान अपने खास खोया घेवर, मलाई घेवर और केसरिया घेवर के लिए पूरे शहर में प्रसिद्ध है. शुद्ध सामग्री और पारंपरिक कारीगरी से तैयार यहां की मिठाइयां रक्षाबंधन की थाली में एक अलग ही रंग जमा देती हैं. यहां मलाई घेवर 600 से 700 रुपए प्रति किलो और स्पेशल पेड़ा 480 से 550 रुपए प्रति किलो मिलता है. नेशेविला रोड पर यह स्वीट शॉप मौजूद है.
छैने और दूध से बनी मिठाइयों के शौकीनों के लिए बंगाली स्वीट शॉप सबसे बेहतरीन ठिकाना है. यहां के स्पंजी रसगुल्ले, रसमलाई लाजवाब होता है. रक्षाबंधन के दिन यहां ताजा मिठाइयां लेने के लिए सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं. यहां 400 से 480 रुपए प्रति किलो रसगुल्ला मिलते हैं. रसमलाई 500 से 580 प्रति किलो मिलते है. यह दुकान घंटाघर के नजदीक है.
अगर आप अपने भाई का मुंह मलाई बर्फी से मीठा करना चाहते हैं तो आप देहरादून के पलटन बाजार पहुंचे. यहां इंद्रानी स्वीट्स शॉप मौजूद है. 1 अगस्त, 1947 को देहरादून में शुरू की गई इंद्राणी स्वीट्स शॉप के 79 साल पूरे हो चुके हैं. यह देहरादून की आजादी के दौरान की शुरू की गई दुकान है जिसकी कई तरह की मिठाई और रबड़ी का स्वाद लेने के लिए बहुत से लोग यहां पहुंचते हैं.
इन दुकानों की शुद्धता, पीढ़ियों पुराना अनुभव और स्वाद का अनूठा संगम ही देहरादून के मिठास के अनुभव को बेहद खास और यादगार बना देता है. इस रक्षाबंधन पर आप भी इनमें से अपनी पसंदीदा दुकान पर जाकर भाई की पसंद की मिठाई लाएं और त्यौहार की खुशियों को दोगुना करें.