दिल्ली: अगर आपने रेस्टोरेंट में दही कबाब खाया है और आपको लगता है कि इन्हें घर पर बनाना मुश्किल होगा, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. इस बार दही कबाब किसी आम किचन में नहीं, बल्कि शेफ अजय भल्ला की रसोई से बनकर आए हैं. शेफ ने बताया कि कुछ आसान चीजों और सही तरीके से आप घर पर भी रेस्टोरेंट जैसे स्वाद वाले दही कबाब बना सकते हैं. आइये जानते हैं इसके बारे में.
सबसे जरूरी है अच्छी तरह हंग कर्ड
दही कबाब बनाने के लिए सबसे पहले दही को अच्छी तरह से हैंग करना जरूरी है. शेफ के मुताबिक दही को करीब 1 से 2 घंटे तक लटकाकर रखें, ताकि उसका पूरा पानी निकल जाए. दही जितना अच्छी तरह से पानी छोड़ देगा, कबाब उतने ही अच्छे बनेंगे और टूटेंगे नहीं.
इन चीजों से तैयार होगा कबाब का मिश्रण
हंग कर्ड में बारीक कटा हुआ धनिया, अदरक, हरी मिर्च, सफेद मिर्च पाउडर, जीरा, नमक और चाट मसाला मिलाया जाता है. आप अपने स्वाद के हिसाब से मसालों की मात्रा कम-ज्यादा कर सकते हैं। अगर आपको तीखा खाना पसंद है तो हरी मिर्च को बारीक काटकर इसमें मिलाया जा सकता है सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर इसके छोटे-छोटे कटलेट यानी कबाब तैयार कर लें.
डीप फ्राई नहीं, ऐसे करें शैलो फ्राई
दही कबाब बनाते समय सबसे खास बात है कि इन्हें डीप फ्राई करने की जरूरत नहीं है. शेफ ने बताया कि कबाब को धीमी आंच पर थोड़ा-थोड़ा तेल डालकर शैलो फ्राई करना बेहतर रहता है.अगर दही अच्छी तरह हैंग किया गया है तो कबाब आसानी से नहीं टूटेंगे. वहीं, अगर इन्हें बैटर कोट करके डीप फ्राई किया जाए तो इन्हें कुरकुरा बनाया जा सकता है, लेकिन साधारण दही कबाब के लिए शैलो फ्राई करना काफी है.
स्वाद में चाहिए शेफ वाली बात, तो प्यार से बनाइए
जब दही कबाब बनकर प्लेट में आए तो स्वाद चखना तो बनता है. शेफ अजय भल्ला की बातों की तरह ही ये कबाब भी बेहद स्वादिष्ट लगते हैं. शेफ की सबसे प्यारी बात ये रही कि उन्होंने कहा खाना तभी सबसे अच्छा बनता है, जब उसे प्यार से बनाया जाए.इसलिए घर पर दही कबाब बनाते समय मसालों का स्वाद आप अपनी पसंद के हिसाब से रख सकते हैं, बस दही अच्छी तरह से हंग होना चाहिए. फिर आपके हाथों से बने दही कबाब में भी रेस्टोरेंट जैसा स्वाद आ सकता है.