Moringa Fry Recipe: सहजन से बनाएं कुछ नया शाम की चाय के साथ जब कुछ कुरकुरा खाने का मन करे, तो अक्सर घर में मौजूद चीजों से ही कोई आसान स्नैक बनाने का ख्याल आता है. पकौड़े, नमकीन और सैंडविच तो लगभग हर घर में बनते हैं, लेकिन अगर इस बार कुछ अलग ट्राई करना है तो सहजन का यह क्रिस्पी स्नैक अच्छा विकल्प हो सकता है. सहजन यानी मोरिंगा का इस्तेमाल आमतौर पर सब्जी, सांभर या दाल में किया जाता है. इसकी फली स्वाद में हल्की अलग होती है, लेकिन सही मसालों के साथ इसे काफी स्वादिष्ट बनाया जा सकता है.
खास बात यह है कि इस रेसिपी में सहजन को चना दाल और चावल से तैयार मसालेदार मिश्रण में लपेटकर हल्का फ्राई किया जाता है. इससे बाहर की परत कुरकुरी बनती है, जबकि अंदर सहजन नरम रहता है. घर में बच्चे सहजन की सब्जी देखकर नाक-भौं सिकोड़ते हैं, तो उन्हें भी इसे स्नैक के रूप में खिलाया जा सकता है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
क्रिस्पी सहजन स्नैक के लिए सामग्री
इस स्नैक को बनाने के लिए आपको 2 सहजन की फलियां, 50 ग्राम चना दाल, आधा कप कच्चा चावल, 2 हरी मिर्च, 1 चम्मच जीरा पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच अमचूर पाउडर और स्वाद के अनुसार नमक चाहिए. फ्राई करने के लिए करीब 4 बड़े चम्मच तेल लें. आखिर में हरा धनिया डालकर इसे सजाया जा सकता है.
सबसे पहले सहजन करें तैयार
सहजन को अच्छी तरह धोकर करीब 2 इंच के टुकड़ों में काट लें. अब इन्हें पानी में हल्का उबालें. ध्यान रखें कि सहजन बहुत ज्यादा न गल जाए. बस इतना पकाना है कि वह नरम हो जाए, लेकिन अपना आकार बनाए रखे. इसके बाद पानी निकालकर सहजन के टुकड़ों को एक तरफ रख दें.
ऐसे तैयार करें कुरकुरी कोटिंग
चना दाल और चावल को करीब 10 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद पानी निकालकर इसमें हरी मिर्च, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर और नमक डालें. सारी सामग्री को पीसकर गाढ़ा पेस्ट बना लें. पेस्ट न ज्यादा पतला हो और न बहुत सख्त, अगर मिश्रण ढीला हो गया तो सहजन पर कोटिंग टिकने में परेशानी हो सकती है. अब उबले हुए सहजन के टुकड़ों पर इस पेस्ट की अच्छी परत लगाएं. कोशिश करें कि हर टुकड़ा चारों तरफ से अच्छी तरह कवर हो जाए. इससे फ्राई होने के बाद हर बाइट में मसालेदार और कुरकुरी परत का स्वाद मिलेगा.
मीडियम आंच पर करें फ्राई
एक पैन में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद सहजन के टुकड़ों को सावधानी से पैन में रखें. इन्हें मीडियम आंच पर पलट-पलटकर सेंकें, जब तक बाहर की परत हल्की सुनहरी और क्रिस्पी न हो जाए. बहुत तेज आंच रखने से बाहर की कोटिंग जल्दी ब्राउन हो सकती है, जबकि अंदर का हिस्सा ठीक से गर्म नहीं होगा. फ्राई होने के बाद सहजन को टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. अब ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालें और इसे गरमा-गरम चाय, हरी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोसें.
स्वाद बेहतर बनाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
सहजन को उबालते समय ज्यादा पानी में देर तक न पकाएं, वरना फली बहुत नरम होकर टूट सकती है. चना दाल और चावल को थोड़ी देर भिगोने से पेस्ट आसानी से तैयार होता है. कोटिंग बराबर रखने से स्नैक हर तरफ से अच्छी तरह कुरकुरा होगा. तेल को पहले गर्म करें, लेकिन फ्राई करते समय आंच मीडियम रखें.