मिथिला में इन दिनों घर-घर में तरह-तरह के अचार तैयार किए जा रहे हैं. आम और नींबू के अचार के साथ अब हरी मिर्च का देसी अचार भी लोगों की पसंद बना हुआ है. इस अचार का स्वाद तीखा, खट्टा और मसालेदार होता है. इस बनाने के लिए सबसे पहले ताजी हरी मिर्च को अच्छी तरह धोकर पंखे या धूप में पूरी तरह सुखा लें. इसके बाद मिर्च को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. एक किलो मिर्च में 4 से 5 नींबू का रस मिलाएं. स्वादानुसार नमक और हल्दी डाल दें. अब 5-6 सूखी लाल मिर्च और एक चम्मच पंचफोरन (मेथी, सौंफ, कलौंजी, जीरा और सरसों) को हल्का भूनकर दरदरा पीस लें. इस मसाले को मिर्च में मिला दें. इसके बाद सरसों के तेल को अच्छी तरह गर्म करें और ठंडा होने पर अचार में डालकर सब कुछ अच्छे से मिला लें. तैयार मिश्रण को कांच की साफ बरनी में भर दें और 2 से 3 दिनों तक धूप में रखें. रोज एक बार साफ चम्मच से अचार को चलाते रहें. करीब तीन दिन बाद स्वादिष्ट हरी मिर्च का अचार तैयार हो जाएगा.