Last Updated:

Sabudana Khichadi Easy Recipe: बिना झंझट के तुरंत एनर्जी देना वाला नाश्ता बनाना चाहते हैं तो साबूदाने की नमकीन खिचड़ी बना सकते हैं. इसे तैयार करने में बहुत समय नहीं लगता और सुबह-शाम कभी भी खाया जा सकता है. बच्चों के टिफिन के लिए भी यह बढ़िया ऑप्शन है.

ख़बरें फटाफट

कोडरमा. ऐसे नाश्ते की तलाश में हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ शरीर को तुरंत ऊर्जा भी दे, तो नमकीन साबूदाना खिचड़ी एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है. साबूदाना में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा अधिक होती है, जिससे शरीर को जल्दी ऊर्जा मिलती है. यह पेट पर हल्का होता है और आसानी से पच जाता है. गृहिणी राधिका प्रजापति ने विशेष बातचीत में बताया कि यह रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती है और इसे सुबह के नाश्ते या शाम के हल्के भोजन के रूप में आसानी से बनाया जा सकता है.

ऐसे करें तैयारी
उन्होंने बताया कि सबसे पहले साबूदाना को अच्छी तरह धोकर करीब आधे घंटे तक पानी में भिगो दें. इसके बाद अतिरिक्त पानी निकालकर साबूदाना को छलनी में रख दें, ताकि वह हल्का सूख जाए और दाने अलग-अलग रहें. इसी दौरान प्याज, टमाटर, लहसुन और उबले हुए आलू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर तैयार कर लें. सभी सामग्री पहले से तैयार होने पर खिचड़ी जल्दी और आसानी से बन जाती है.

बनाने की आसान विधि, दाने पारदर्शी होने तक पकाएं
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें उबले हुए आलू के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक तलें और निकाल लें. इसके बाद उसी तेल में लाल मिर्च, बारीक कटा लहसुन, प्याज और करी पत्ता डालकर मध्यम आंच पर अच्छी तरह भूनें. जब प्याज हल्का सुनहरा हो जाए, तब उसमें कटे हुए टमाटर डालें और स्वादानुसार नमक, काली मिर्च पाउडर तथा हल्दी पाउडर मिलाएं.

मसाले को तब तक पकाएं, जब तक टमाटर अच्छी तरह गल न जाए और मिश्रण से खुशबू आने लगे. अब पानी से अच्छी तरह छाना हुआ साबूदाना इसमें डालें और सभी सामग्री को धीरे-धीरे मिलाएं, ताकि दाने टूटें नहीं. कुछ मिनट तक लगातार चलाते हुए मध्यम आंच पर पकाएं. जब साबूदाना के दाने पारदर्शी या जेली जैसे दिखने लगें, तब समझ लें कि खिचड़ी तैयार है.

ऊर्जा के साथ स्वाद का भी बेहतरीन मेल
उन्होंने बताया कि तैयार नमकीन साबूदाना खिचड़ी को हरी धनिया और नींबू के रस के साथ परोसा जा सकता है. चाहें तो इसमें भुनी हुई मूंगफली भी मिलाकर इसका स्वाद और कुरकुरापन बढ़ाया जा सकता है. साबूदाना कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत माना जाता है, इसलिए यह शरीर को जल्दी ऊर्जा देने में मदद करता है. इसे सुबह या शाम, किसी भी समय नाश्ते के रूप में खाया जा सकता है और बच्चों के टिफिन में भी रखा जा सकता है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment