Last Updated:
सोई में सूजी का इस्तेमाल उपमा, हलवा और इडली जैसी कई चीजें बनाने में किया जाता है. वहीं, दक्षिण भारत की रेसिपी में अक्सर रवा नाम सुनने को मिलता है. ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या सूजी और रवा अलग-अलग चीजें हैं या फिर दोनों एक ही हैं? आइए जानते हैं इनके नाम और इस्तेमाल के पीछे की असली वजह…
सूजी और रवा में अंतर
अगर आप कभी किराने की दुकान पर गए होंगे, तो कहीं “सूजी” तो कहीं “रवा” लिखा हुआ जरूर देखा होगा. पहली नजर में दोनों बिल्कुल एक जैसे दिखाई देते हैं. यही कारण है कि लोग अक्सर इन्हें अलग-अलग खाद्य पदार्थ समझ लेते हैं. लेकिन सच्चाई इससे थोड़ी अलग है.
असल में, सूजी और रवा ज्यादातर मामलों में एक ही खाद्य पदार्थ के दो अलग नाम हैं. दोनों गेहूं को मोटा पीसकर तैयार किए जाते हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि उत्तर भारत में इसे आमतौर पर सूजी कहा जाता है, जबकि महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल जैसे राज्यों में यही चीज रवा के नाम से ज्यादा जानी जाती है.
फिर अलग-अलग नाम क्यों पड़ गए?
भारत में हर क्षेत्र की अपनी भाषा और खानपान की परंपरा है. जिस तरह बैंगन को कहीं भंटा, कहीं बैंगन और कहीं वांगी कहा जाता है, उसी तरह सूजी को भी अलग-अलग राज्यों में अलग नाम मिल गए. “रवा” शब्द दक्षिण भारतीय भाषाओं और मराठी में लंबे समय से इस्तेमाल होता रहा है, जबकि हिंदी भाषी राज्यों में “सूजी” नाम ज्यादा प्रचलित हो गया. यानी नाम अलग हैं, लेकिन मूल खाद्य पदार्थ एक ही है.
क्या बाजार में मिलने वाली हर रवा और सूजी एक जैसी होती है?
ज्यादातर पैकेट में मिलने वाली सूजी और रवा एक जैसी होती हैं, लेकिन कुछ मामलों में इनके दानों का आकार अलग हो सकता है. कुछ कंपनियां बारीक पिसी सूजी बेचती हैं, जबकि कुछ थोड़ी मोटी रवा तैयार करती हैं. दक्षिण भारत में इडली या उपमा के लिए कई लोग थोड़ी मोटी रवा पसंद करते हैं, जबकि हलवा या मिठाई बनाने के लिए बारीक सूजी का इस्तेमाल ज्यादा किया जाता है. यानी अंतर नाम का नहीं, बल्कि दानों की मोटाई का हो सकता है.
किस-किस चीज में होता है इस्तेमाल?
सूजी या रवा दोनों का उपयोग कई तरह के व्यंजनों में किया जाता है. इससे उपमा, रवा डोसा, इडली, शीरा, सूजी का हलवा, केक, ढोकला और कई तरह के स्नैक्स बनाए जाते हैं. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह जल्दी पक जाती है और खाने में हल्की भी मानी जाती है. यही वजह है कि इसे नाश्ते की कई लोकप्रिय रेसिपी में शामिल किया जाता है.
About the Author
विविधा सिंह इस समय News18 हिंदी के डिजिटल मीडिया में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह लाइफस्टाइल बीट में हेल्थ, फूड, ट्रैवल, फैशन और टिप्स एंड ट्रिक्स जैसी स्टोरीज कवर करती हैं. कंटेंट लिखने और उसे आसान व …और पढ़ें