Varan Bhat Recipe: हर घर में दाल-चावल बनता है, लेकिन कई बार रोज एक जैसा स्वाद खाते-खाते मन ऊब जाता है. ऐसे में अगर आप कुछ हल्का, स्वादिष्ट और अलग ट्राई करना चाहते हैं तो महाराष्ट्र का फेमस वरण भात आपके लिए बढ़िया ऑप्शन हो सकता है. यह डिश दिखने में जितनी सिंपल लगती है, स्वाद में उतनी ही कमाल होती है. खास बात ये है कि इसमें ज्यादा मसाले नहीं डाले जाते, फिर भी इसका स्वाद दिल जीत लेता है. हींग की खुशबू, देसी घी का तड़का और नरम चावल मिलकर ऐसा स्वाद देते हैं कि खाने वाला उंगलियां चाटता रह जाए.

महाराष्ट्र में इसे सिर्फ रोजमर्रा के खाने के तौर पर ही नहीं, बल्कि शुभ मौकों और त्योहारों में भी बनाया जाता है. गणेश उत्सव में तो बप्पा को भी वरण भात का भोग लगाया जाता है. गर्मियों में पेट को हल्का रखने के लिए भी यह डिश काफी पसंद की जाती है. अगर आपने अभी तक इसे घर पर नहीं बनाया है, तो आज हम आपको इसकी आसान और स्वाद से भरपूर रेसिपी बताने जा रहे हैं.

क्या होता है वरण भात?
महाराष्ट्र में अरहर की गाढ़ी और हल्की मसालों वाली दाल को वरण कहा जाता है और सादे उबले चावल को भात कहा जाता है. दोनों को साथ में घी डालकर खाया जाता है. यही वजह है कि इसका स्वाद बेहद सुकून देने वाला लगता है. इसे महाराष्ट्र का सबसे लोकप्रिय कम्फर्ट फूड भी कहा जाता है.

वरण भात बनाने के लिए सामग्री
दाल यानी वरण के लिए
-1 कप अरहर (तुअर) दाल
-आधा छोटा चम्मच हल्दी
-एक चुटकी हींग
-स्वाद अनुसार नमक
-1 चम्मच देसी घी
-बारीक कटा हरा धनिया

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

भात यानी चावल के लिए
-1 कप कोलम या बासमती चावल
-जरूरत के हिसाब से पानी
-थोड़ा सा नमक

सर्व करने के लिए
-देसी घी
-नींबू

वरण भात बनाने की आसान विधि
सबसे पहले अरहर की दाल को अच्छे से धो लें और करीब 15 से 20 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. इससे दाल जल्दी पकती है और स्वाद भी अच्छा आता है. अब प्रेशर कुकर में दाल डालें. इसमें ढाई कप पानी, हल्दी, हींग, नमक और थोड़ा सा घी डाल दें. घी डालने से दाल उबलकर बाहर नहीं आती और स्वाद भी बढ़ जाता है. अब कुकर का ढक्कन बंद करके 3 से 4 सीटी आने तक दाल को अच्छे से पका लें. जब कुकर का प्रेशर निकल जाए तो दाल को चमचे या मथनी से अच्छी तरह मथ लें. इससे दाल स्मूद और मलाईदार बनती है. ध्यान रखें कि पारंपरिक वरण में प्याज, टमाटर और लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया जाता. इसका असली स्वाद हींग और घी की सादगी में छिपा होता है.

अब चावल को अच्छी तरह धो लें और कुकर या पतीले में पानी और थोड़ा नमक डालकर पका लें. चावल एकदम नरम और खिले हुए होने चाहिए. अब एक प्लेट में गरमा-गरम चावल निकालें. बीच में थोड़ा स्थान बनाकर ऊपर से गाढ़ा वरण डालें. फिर एक से दो चम्मच देसी घी डालें. ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं और साथ में नींबू निचोड़कर सर्व करें.

वरण भात खाने का सही मजा कैसे लें?
महाराष्ट्र में लोग वरण भात को पापड़, अचार या आलू की सूखी सब्जी के साथ खाना पसंद करते हैं. कुछ लोग इसमें ऊपर से थोड़ा और घी डालकर खाते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.

सेहत के लिए भी फायदेमंद
वरण भात सिर्फ स्वाद में ही नहीं, सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है. अरहर की दाल में प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है और कम मसाले होने की वजह से यह पेट पर भारी नहीं पड़ता. यही कारण है कि बच्चे और बुजुर्ग भी इसे आसानी से खा सकते हैं.

घर के खाने जैसा सुकून देता है वरण भात
आजकल लोग बाहर का मसालेदार खाना ज्यादा खाने लगे हैं, लेकिन वरण भात जैसी सिंपल डिश आज भी लोगों को घर के खाने की याद दिलाती है. इसका स्वाद सादा जरूर है, लेकिन यही सादगी इसे खास बनाती है. अगर आप भी कुछ हल्का और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं तो इस महाराष्ट्रीयन डिश को जरूर ट्राई करें.



Source link

Write A Comment