Last Updated:
Mango Pickle Tips: भारतीय रसोई में अचार का विशेष स्थान है, लेकिन सही तरीके से न बनाया जाए तो यह जल्दी खराब भी हो सकता है. यदि आप चाहते हैं कि आपका अचार सालभर ताजा और स्वादिष्ट बना रहे, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखना जरूरी है. अचार बनाते समय साफ और सूखे बर्तनों का उपयोग करें, मसालों की गुणवत्ता पर ध्यान दें और पर्याप्त मात्रा में तेल व नमक डालें. अचार को हमेशा नमी से दूर रखें और सूखे चम्मच का ही इस्तेमाल करें. इन आसान और असरदार टिप्स की मदद से आपका घर का बना अचार लंबे समय तक सुरक्षित और स्वादिष्ट बना रहेगा.
अचार भारतीय रसोई का एक खास हिस्सा है, लेकिन कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनका अचार कुछ ही समय में खराब हो जाता है या उसमें बाजार जैसा स्वाद, रंग और गाढ़ापन नहीं आ पाता. यदि अचार बनाते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो उसका स्वाद लंबे समय तक बरकरार रखा जा सकता है और वह सालभर तक सुरक्षित रह सकता है.
गृहणी मदनी देवी ने बताया कि अचार बनाने से पहले कैरी, नींबू या अन्य सामग्री पर हल्दी और नमक लगाकर लगभग 24 घंटे के लिए छोड़ देना चाहिए. ऐसा करने से उनमें मौजूद अतिरिक्त पानी बाहर निकल जाता है. नमी कम होने से अचार जल्दी खराब नहीं होता और मसाले भी अच्छी तरह सामग्री में समा जाते हैं, जिससे स्वाद बेहतर बनता है.
इसके अलावा अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में तेल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. तेल प्राकृतिक प्रिजर्वेटिव की तरह काम करता है और अचार को हवा तथा नमी से बचाता है. इसलिए यह सुनिश्चित करें कि अचार हमेशा तेल में पूरी तरह डूबा रहे. यदि अचार का कोई हिस्सा तेल से बाहर रहेगा तो उसमें फफूंद लगने या खराब होने की संभावना बढ़ जाती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
नमक भी अचार का एक बेहद जरूरी घटक है. यह केवल स्वाद बढ़ाने का काम नहीं करता बल्कि अचार को मुलायम बनाने और लंबे समय तक सुरक्षित रखने में भी मदद करता है. यदि नमक की मात्रा कम होगी तो अचार सख्त रह सकता है और उसमें खराबी आने का खतरा भी बढ़ जाएगा.
उन्होंने बताया कि अचार को रखने के लिए इस्तेमाल होने वाला मर्तबान या कांच का जार पूरी तरह साफ और सूखा होना चाहिए. जार को पहले गर्म पानी से धोकर अच्छी तरह धूप में सुखा लें. चाहें तो उसके अंदर हल्की-सी हींग की धूनी भी दे सकते हैं. इससे जार में नमी नहीं रहती और फफूंद लगने की संभावना काफी कम हो जाती है.
अगर आप अचार को आकर्षक लाल रंग देना चाहते हैं तो साधारण लाल मिर्च के साथ कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर भी मिलाएं. इससे अचार का रंग सुंदर और चमकदार दिखाई देता है। साथ ही अचार को जार में भरते समय चम्मच से हल्का दबाते जाएं, ताकि उसके बीच हवा के बुलबुले न रह जाएं और वह अधिक समय तक सुरक्षित बना रहे.
आम के अचार में बाजार जैसा गाढ़ापन लाने के लिए एक खास उपाय अपनाया जा सकता है. अचार बनाते समय एक या दो कच्चे आम कद्दूकस करके कुछ देर धूप में रखें और फिर तैयार अचार में मिला दें. कद्दूकस की हुई कैरी अचार में प्राकृतिक गाढ़ापन लाती है और उसके स्वाद को भी अधिक समृद्ध एवं लाजवाब बना देती है.