पटना. मंचूरियन आज के समय में सबसे पसंदीदा इंडो-चाइनीज फूड आइटम में से एक है. हालांकि घर पर मंचूरियन बनाते समय लोगों की सबसे बड़ी शिकायत यही रहती है कि उसकी बॉल्स तेल में डालते ही फट जाती हैं या फिर उसके स्वाद में ज्यादा आटा की फीलिंग आती है. रेस्टोरेंट वाला मजा नहीं आ पाता. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो एक आसान और देसी तरीका अपनाकर घर पर बिल्कुल परफेक्ट मंचूरियन तैयार कर सकते हैं. खास बात यह है कि इस तरीके में सब्जियों की नमी का सही इस्तेमाल किया जाता है. इससे बॉल्स मजबूत बनती हैं और स्वाद भी बैलेंस रहता है.
ऐसे तैयार करें मंचूरियन बॉल्स
सबसे पहले बारीक कटी हुई पत्ता गोभी, गाजर, शिमला मिर्च, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च को एक बड़े बर्तन में लें. इसमें थोड़ा सोया सॉस, सिरका, नमक, काली मिर्च और चाहें तो थोड़ा चिली ऑयल मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर 5 से 7 मिनट के लिए छोड़ दें. इस दौरान सब्जियां अपना पानी छोड़ देंगी. इससे मिश्रण को बांधना आसान हो जाएगा.
पानी निकाल दें
अब एक छलनी में मलमल या कोई सूता कपड़ा रखकर सब्जियों को डालें और अच्छी तरह निचोड़कर एक्स्ट्रा पानी निकाल लें. इसके बाद सब्जियों में थोड़ा और नमक और काली मिर्च मिलाएं. अब बराबर मात्रा में कॉर्नफ्लोर और मैदा डालते हुए मिश्रण को गूंथ लें. ध्यान रखें कि केवल उतना ही मैदा और कॉर्नफ्लोर डालें, जिससे मिश्रण अच्छी तरह बंध जाए. अधिक मात्रा डालने पर मंचूरियन का स्वाद आटे जैसा लग सकता है.
अब बनाएं बॉल्स
तैयार मिश्रण से छोटी-छोटी बॉल्स बना लें. एक कड़ाही में तेल गर्म करें और मध्यम गर्म तेल में बॉल्स को एक-एक करके डालें. अगर बॉल्स टूटती या फटती नजर आएं तो मिश्रण में थोड़ा और मैदा मिला सकते हैं. पहले धीमी आंच पर करीब पांच मिनट तक पकाएं, फिर आंच तेज कर सुनहरा होने तक तल लें. बॉल्स को डालते ही हिलाने न लगें. उन्हें थोड़ा पकने दें, उसके बाद ही छुएं. सभी बॉल्स को निकालकर अलग रख दें.
स्वादिष्ट ग्रेवी बनाने का तरीका
ग्रेवी के लिए बारीक कटा हुआ लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, प्याज, शिमला मिर्च और पत्ता गोभी तैयार रखें. एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म कर सबसे पहले लहसुन डालें. इसके बाद अदरक, हरी मिर्च और प्याज डालकर हल्का भून लें. जब प्याज का रंग बदलने लगे तो शिमला मिर्च और गोभी डालकर पकाएं.
अब इसमें सोया सॉस, सिरका, चिली ऑयल, टमाटर केचप, नमक और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद जरूरत के हिसाब से पानी डालकर ग्रेवी तैयार करें. जब ग्रेवी में उबाल आने लगे तो थोड़ा कॉर्नफ्लोर पानी में घोलकर डालें. इससे ग्रेवी गाढ़ी हो जाएगी. कॉर्नफ्लोर डालने के बाद केवल एक उबाल आने तक पकाएं.
गैस बंद करने के बाद तैयार मंचूरियन बॉल्स को ग्रेवी में डालकर 2 से 4 मिनट तक छोड़ दें, ताकि बॉल्स में ग्रेवी का स्वाद अच्छी तरह समा जाए. ऊपर से तिल, हरा प्याज और हरा धनिया डालकर सजाएं.
इन चीजों के साथ लें मजा
तैयार मंचूरियन को फ्राइड राइस, चाउमीन, रोटी या पराठे के साथ परोसा जा सकता है. इस आसान तरीके से बनी मंचूरियन बॉल्स न तो फटेंगी और न ही उनका स्वाद फीका लगेगा. घर बैठे रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाने के लिए यह तरीका काफी कारगर साबित हो सकता है. कुछ छोटी-छोटी टिप्स और ट्रिक्स और आपको घर पर ही बिलकुल बाजार वाला स्वाद मिलेगा.