Mango Buying Tips: गर्मियों का मौसम आते ही बाजारों में आम की भरमार दिखाई देने लगती है. फलों का राजा कहलाने वाला आम लगभग हर घर की पहली पसंद होता है. बच्चे हों या बड़े, मीठे और रसीले आम का स्वाद हर किसी को पसंद आता है, लेकिन कई बार लोग बाजार से बड़े शौक से सुंदर, चमकदार और आकर्षक दिखने वाले आम खरीदकर घर लाते हैं और जब उन्हें काटते हैं तो अंदर का हिस्सा सड़ा हुआ या खराब निकलता है. ऐसे में न सिर्फ पैसे बर्बाद होते हैं बल्कि स्वाद का मजा भी खराब हो जाता है. आजकल कई दुकानदार आम की बाहरी खूबसूरती दिखाकर ग्राहकों को आसानी से प्रभावित कर देते हैं.

मगर सिर्फ रंग और चमक देखकर आम खरीदना हमेशा सही फैसला नहीं होता. सोशल मीडिया पर फल और सब्जियों की पहचान से जुड़े उपयोगी टिप्स साझा करने वाले ओंकार शेजवाल ने कुछ ऐसे आसान तरीके बताए हैं जिनकी मदद से आप कुछ ही सेकंड में अच्छे और खराब आम के बीच फर्क समझ सकते हैं. खास बात यह है कि इन ट्रिक्स को अपनाने के बाद दुकानदार भी आपको खराब आम देकर आसानी से नहीं ठग पाएंगे.

1. स्पंज टेस्ट से करें पहचान
ओंकार शेजवाल के अनुसार खराब आम पहचानने का सबसे आसान तरीका है स्पंज टेस्ट. इसके लिए आम को हल्के हाथों से दबाकर देखें, अगर आम दबाने के बाद स्पंज की तरह तुरंत अपनी पुरानी स्थिति में वापस आ जाए, तो यह संकेत हो सकता है कि फल अंदर से खराब हो चुका है. वहीं अगर दबाने पर आम थोड़ा सा अंदर दबा रहता है और सामान्य महसूस होता है, तो उसके अच्छे होने की संभावना ज्यादा रहती है. यह छोटा सा टेस्ट खरीदारी के दौरान आपके काफी काम आ सकता है.

2. डंठल के पास से सूंघें खुशबू
अच्छे आम की पहचान उसकी खुशबू से भी की जा सकती है. जब भी आम खरीदें, उसके डंठल वाले हिस्से को सूंघकर जरूर देखें, अगर वहां से मीठी और ताजी खुशबू आ रही है, तो समझिए आम अच्छी तरह पका हुआ है. दूसरी तरफ अगर खट्टी, तेज या अजीब सी गंध महसूस हो रही है, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आम अंदर से खराब होने लगा है.

3. वजन से भी मिल सकता है बड़ा संकेत
बहुत कम लोग जानते हैं कि आम का वजन भी उसकी गुणवत्ता के बारे में काफी कुछ बता सकता है. जब आप आम को हाथ में उठाते हैं तो उसका वजन महसूस करें. अच्छे और रसीले आम अपने आकार के हिसाब से थोड़े भारी महसूस होते हैं. जबकि बड़े आकार का लेकिन हल्का महसूस होने वाला आम अंदर से सूखा, खराब या कीड़ों से प्रभावित हो सकता है. इसलिए खरीदते समय सिर्फ आकार नहीं बल्कि वजन पर भी ध्यान देना जरूरी है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

4. छिलके की बनावट को ध्यान से देखें
अक्सर लोग एकदम चिकने और बेदाग आमों को सबसे अच्छा समझ लेते हैं, लेकिन कई बार ऐसे आम कृत्रिम तरीके से पकाए गए होते हैं. प्राकृतिक रूप से पके आमों के छिलके पर हल्की झुर्रियां दिखाई देना सामान्य बात है. हालांकि अगर छिलके पर बड़े काले धब्बे हों या कुछ हिस्से बहुत ज्यादा नरम और पिलपिले लग रहे हों, तो ऐसे आमों को खरीदने से बचना चाहिए. ये अंदर से खराब निकल सकते हैं.

5. सिर्फ रंग देखकर फैसला न करें
बहुत से ग्राहक यह मान लेते हैं कि जितना ज्यादा पीला आम होगा, वह उतना ही मीठा होगा, लेकिन यह सोच हमेशा सही नहीं होती. आम की अलग-अलग किस्मों का रंग अलग होता है. कई किस्में पूरी तरह पकने के बाद भी हल्की हरी दिखाई देती हैं, लेकिन स्वाद में बेहद मीठी होती हैं. इसलिए केवल रंग के आधार पर आम खरीदना समझदारी नहीं है. उसकी खुशबू, वजन और बनावट पर ज्यादा भरोसा करें.

6. डंठल वाला हिस्सा भी बताता है सच्चाई
आम खरीदते समय उसके डंठल के आसपास वाले हिस्से को भी गौर से देखें, अगर यह हिस्सा थोड़ा उभरा हुआ और प्राकृतिक दिख रहा है तो यह संकेत हो सकता है कि आम पेड़ पर पूरी तरह पककर तैयार हुआ है. वहीं अगर यह हिस्सा बिल्कुल सपाट या असामान्य दिखाई दे, तो संभावना है कि आम को समय से पहले तोड़कर बाद में पकाया गया हो. ऐसे आम स्वाद और गुणवत्ता दोनों में कमजोर हो सकते हैं.

खरीदारी के समय रखें ये बातें याद
जब भी बाजार में आम खरीदने जाएं, जल्दबाजी न करें. कुछ सेकंड निकालकर आम को दबाकर देखें, उसकी खुशबू लें और वजन महसूस करें. इन आसान तरीकों की मदद से आप खराब आम खरीदने से बच सकते हैं. साथ ही आपके पैसे भी बचेंगे और घर में मीठे, ताजे और स्वादिष्ट आम पहुंचेंगे. आज के समय में जागरूक ग्राहक बनना बेहद जरूरी है. सही जानकारी होने पर कोई भी दुकानदार आपको खराब फल देकर नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा.



Source link

Write A Comment