Last Updated:
Kachcha Aam Chutney Recipe: मधुबनी सहित पूरे मिथिलांचल में कच्चे आम (टीकुला) का सीजन शुरू होते ही देसी चटनी की डिमांड बढ़ गई है. मात्र 5 मिनट में तैयार होने वाली यह चटनी पंचफोरन और कच्चे सरसों तेल के मेल से बनती है. जो खाने का जायका कई गुना बढ़ा देती है. स्वास्थ्य और स्वाद से भरपूर इस पारंपरिक रेसिपी को दाल-चावल और रोटी के साथ खूब पसंद किया जाता है. जानें रेसिपी.
मधुबनी: चिलचिलाती गर्मी के बीच मिथिलांचल के बाग-बगीचों में टीकुला (कच्चा आम) की खुशबू महकने लगी है. इस मौसम में खाने की थाली कच्चे आम की तीखी और चटपटी चटनी के बिना अधूरी रहती है. ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरों तक लोग इस देसी स्वाद का बेसब्री से इंतजार करते हैं. अगर आप भी खाने के शौकीन हैं तो आज हम आपको बताने जा रहे हैं मिथिलांचल की वह खास विधि. जिससे मात्र 5 मिनट में झटपट आम की चटनी तैयार की जा सकती है.
मिथिलांचल का देसी अंदाज और टीकुला का स्वाद
गर्मी के इस सीजन में आम के पेड़ों पर फल लद चुके हैं. तेज हवाओं से गिरे टीकुले हों या पेड़ से तोड़े गए ताजे कच्चे आम, इनकी चटनी का स्वाद लाजवाब होता है. वैसे तो आपने कई तरह की चटनियां चखी होंगी, लेकिन मिथिलांचल में पंचफोरन और कच्चे सरसों तेल के मेल से जो चटनी बनती है. उसका कोई मुकाबला नहीं है. यह न केवल स्वाद में बेजोड़ है, बल्कि पाचन के लिए भी अच्छी मानी जाती है.
सामग्री और तैयार करने की विधि
मिथिलांचल स्टाइल चटनी बनाने के लिए आपको बहुत कम चीजों की आवश्यकता होती है. जो हर किचन में आसानी से उपलब्ध हैं. इसके लिए मुख्य सामग्री ताजे कच्चे आम (टीकुला), मसाले में पंचफोरन यानी जीरा, सौंफ, अजवाइन, कलौंजी और मेथी. सूखी लाल मिर्च, स्वादानुसार नमक और शुद्ध कच्चा सरसों तेल.
बनाने की विधि
सबसे पहले कच्चे आम को अच्छी तरह धोकर उसका छिलका उतार लें. उसे छोटे टुकड़ों में काट लें. अब तवे पर पंचफोरन और सूखी लाल मिर्च को हल्का सा रोस्ट (भून) कर लें. भुने हुए मसालों और आम के टुकड़ों को सिलबट्टे या मिक्सी में पीस लें. अंत में इसमें स्वादानुसार नमक और एक चम्मच कच्चा सरसों तेल मिलाएं. सरसों का तेल इस चटनी की जान है, जो इसे एक तीखा और असली देसी फ्लेवर देता है.
हर भोजन का स्वाद बढ़ाएगी यह चटनी
यह चटनी इतनी वर्सटाइल है कि आप इसे दाल-चावल, सब्जी-रोटी या पराठों के साथ खा सकते हैं. मिथिलांचल के घरों में इसे दोपहर के भोजन के साथ अनिवार्य रूप से परोसा जाता है. 5 मिनट में बनने वाली यह रेसिपी न सिर्फ समय बचाती है, बल्कि गर्मी के मौसम में मुंह का जायका भी बदल देती है. तो इस बार बाजार के सॉस और कृत्रिम चटनी छोड़िए और घर पर आजमाइए आम की यह खट्टी-मीठी और चटपटी देसी रेसिपी.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें