Last Updated:

Tirupati Boondi Laddu Recipe: अगर आप घर पर तिरुपति मंदिर के प्रसिद्ध लड्डुओं जैसा स्वाद पाना चाहते हैं, तो यह दक्षिण भारतीय बूंदी लड्डू रेसिपी जरूर ट्राई करें. इलायची, काजू, किशमिश और खाने वाले कपूर की सुगंध से भरपूर ये नरम और स्वादिष्ट लड्डू हर त्योहार और खास मौके की मिठास को दोगुना कर देंगे. आसान विधि से तैयार होने वाले इन लड्डुओं का हर कौर आपको पारंपरिक दक्षिण भारतीय स्वाद और प्रसाद जैसी दिव्य अनुभूति का एहसास कराएगा.

हैदराबाद. भारत में त्योहारों और खुशियों का जिक्र लड्डुओं के बिना अधूरा है. वैसे तो बूंदी का लड्डू पूरे देश में चाव से खाया जाता है, लेकिन आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के दक्षिण भारतीय संस्करण, विशेषकर प्रसिद्ध तिरुपति लड्डू की बात ही कुछ और है. इलायची, काजू, किशमिश और पचा कर्पूरम यानी खाने वाले कपूर की अनूठी सुगंध से महकने वाला यह लड्डू सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि एक दिव्य अहसास है. यदि आप भी इस पवित्र स्वाद को अपनी रसोई में लाना चाहते हैं तो पारंपरिक दक्षिण भारतीय बूंदी लड्डू की यह खास रेसिपी आपके लिए है.

इसे बनाने के लिए आवश्यक सामग्री- बेसन 2 कप, चीनी 2 कप (चाशनी के लिए), पानी 1 कप (चाशनी के लिए) + बेसन घोलने के लिए आवश्यकतानुसार, शुद्ध देसी घी तलने के लिए, काजू और किशमिश 2 बड़े चम्मच (घी में भुने हुए), इलायची पाउडर 1 छोटा चम्मच, खाने वाला कपूर एक छोटा चुटकी. इसे बनाने की रेसिपी है बेहद आसान है, सबसे पहले घोल तैयार करें. एक बर्तन में बेसन छान लें. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए बिना गांठ वाला एक गाढ़ा और चिकना घोल (बैटर) तैयार करें, जो न ज्यादा गाढ़ा हो और न ज्यादा पतला. अब इसके बाद इसके लिए चाशनी बनाएं. एक कड़ाही में चीनी और 1 कप पानी डालकर उबालें. इसके लिए एक तार की चाशनी बनानी है. चिपचिपी और एक तार की चाशनी बनते ही गैस बंद कर दें और इसमें इलायची पाउडर व खाने वाला कपूर मिला दें.

अब कड़ाही में घी गर्म करें, बूंदी छानने वाले झारे पर बेसन का घोल डालें और कलछी से थपथपाते हुए गरम घी में गोल-गोल बूंदी गिराएं. बूंदी को सिर्फ 10-15 सेकंड तक तलें, इसे कुरकुरा नहीं करना है सॉफ्ट रखना है. इसके बाद तली हुई बूंदी को तुरंत गरम चाशनी में डालते जाएं. जब सारी बूंदी चाशनी सोख ले, तब उसमें भुने हुए काजू और किशमिश मिलाएं. मिश्रण के हल्का गुनगुना रहते ही हाथों में थोड़ा सा घी लगाकर गोल-गोल लड्डू बांध लें. तैयार हैं आपके दक्षिण भारतीय शैली के अत्यंत सुगंधित और स्वादिष्ट बूंदी लड्डू. इसकी हर बाइट में आपको तिरुपति के पारंपरिक और पवित्र स्वाद का अनुभव होगा.

About the Author

Monali Paul

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें



Source link

Write A Comment