Last Updated:
Milk Besan Sweet Recipe: आप कम सामान और आसान तरीके से घर पर शाही स्वाद वाली मिठाई बनाना चाहते हैं, तो दूध और बेसन की यह राजस्थानी रेसिपी जरूर ट्राई करें. बिना मावा और बिना चाशनी के बनने वाली यह मिठाई स्वाद के साथ सादगी का भी बेहतरीन मेल है.
बिना मावा की मिठाई कैसे बनाएं?
Milk Besan Sweet Recipe: घर में मेहमान आने वाले हों या फिर अचानक कुछ मीठा खाने का मन कर जाए, ऐसे समय में सबसे बड़ी परेशानी होती है कि क्या बनाया जाए. बाजार की मिठाइयों में मिलावट का डर अलग रहता है और घर पर कई मिठाइयों को बनाने में काफी समय और मेहनत लगती है. ऐसे में अगर आपको ऐसी रेसिपी मिल जाए, जो कम सामान में तैयार हो, मावा की जरूरत न पड़े और स्वाद भी बिल्कुल हलवाई की दुकान जैसा मिले, तो बात ही अलग हो जाती है. राजस्थान की पारंपरिक रसोई में कई ऐसी मिठाइयां बनती हैं, जिनका स्वाद बेहद खास होता है. इन्हीं में से एक है दूध और बेसन से बनने वाली दानेदार मिठाई.
इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें बेसन को सीधे घी में भूनने के बजाय पहले दूध के साथ मिलाया जाता है. यही तरीका मिठाई को अलग स्वाद और मुलायम टेक्सचर देता है. बिना चाशनी के बनने वाली यह मिठाई कम समय में तैयार हो जाती है और हर उम्र के लोगों को पसंद आती है. आइए जानते हैं इस आसान राजस्थानी रेसिपी को बनाने का पूरा तरीका.
बेसन और दूध का घोल ऐसे करें तैयार
इस मिठाई की शुरुआत एक खास राजस्थानी तरीके से होती है, जिसे स्थानीय भाषा में “बेसन डोलना” कहा जाता है. सबसे पहले 2 कप बेसन को छलनी से छान लें, ताकि उसमें कोई गांठ न रहे. अब 1 कप दूध लें और उसे थोड़ा-थोड़ा करके बेसन में मिलाएं. व्हिस्क या चम्मच की मदद से इसे अच्छी तरह फेंटते रहें. ध्यान रखें कि घोल गाढ़ा और एकदम स्मूथ होना चाहिए. घोल तैयार होने के बाद इसे 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. खुशबू से भर देगा इलायची और जायफल का स्वाद
जब तक बेसन का घोल तैयार हो रहा है, तब तक मिठाई के लिए फ्लेवर वाली चीनी तैयार कर लें. मिक्सर जार में 3/4 कप चीनी डालें. इसके साथ 4 से 5 इलायची के दाने और जायफल का एक छोटा टुकड़ा मिलाएं. इन सभी चीजों को पीसकर बारीक पाउडर बना लें. यह छोटा सा स्टेप मिठाई के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है और घर की बनी मिठाई को शाही टच देता है.
बिना गैस जलाए अपनाएं यह आसान ट्रिक
अक्सर बेसन भूनते समय कड़ाही में चिपक जाता है या गांठें पड़ जाती हैं. इससे बचने के लिए एक भारी तले की कड़ाही में आधा कप घी डालें. ध्यान रखें कि इस समय गैस चालू नहीं करनी है. अब घी में तैयार बेसन का घोल डालें और अच्छी तरह मिला लें. जब दोनों चीजें पूरी तरह मिल जाएं, तभी गैस को धीमी आंच पर चालू करें. इस ट्रिक से बेसन एकसार भुनता है और मिठाई का टेक्सचर बेहतर बनता है.
सूजी डालेगी दानेदार स्वाद का तड़का
मिश्रण को लगातार चलाते हुए 2 से 3 मिनट तक पकाएं. इसके बाद इसमें एक-चौथाई कप सूजी डाल दें. अब कलछी से दबाते हुए मिश्रण को धीमी आंच पर भूनते रहें. कुछ ही देर में बेसन का रंग हल्का सुनहरा होने लगेगा और रसोई में सोंधी खुशबू फैल जाएगी. सूजी डालने से मिठाई में हल्का दानेदारपन आता है, जो इसे और भी स्वादिष्ट बनाता है.
फ्लेवर्ड चीनी और चमक का सीक्रेट
जब बेसन अच्छी तरह भुन जाए, तब इसमें पहले से तैयार की गई इलायची और जायफल वाली चीनी डाल दें. चीनी मिलाने के बाद मिश्रण थोड़ा ढीला हो जाएगा. इसे लगातार चलाते रहें. इसी दौरान एक छोटा चम्मच घी ऊपर से डाल दें. यह छोटा सा सीक्रेट मिठाई को हलवाई जैसी चमक देता है. मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक वह कड़ाही छोड़ने न लगे.
ऐसे करें सेट और सर्व
एक स्टील की थाली या बर्फी ट्रे को हल्के घी से ग्रीस कर लें. इसमें बारीक कटे बादाम और पिस्ता फैला दें. अब तैयार मिश्रण को गर्मागर्म थाली में डालें और चम्मच की मदद से बराबर फैला दें. इसे पूरी तरह ठंडा होने दें. जब मिठाई सेट हो जाए, तब मनपसंद आकार में काट लें. आपकी दानेदार, खुशबूदार और बिना मावा वाली राजस्थानी मिठाई तैयार है.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें