BRICS Summit 2026 Menu: जब दुनिया के सबसे ताकतवर और प्रभावशाली नेता किसी देश की राजधानी में इकट्ठा होते हैं, तो कूटनीति के साथ-साथ जिस एक चीज़ पर सबसे ज्यादा चर्चा होती है, वह है उनका खानपान. भारत की अध्यक्षता में होने जा रहे 18वें ब्रिक्स समिट (BRICS Summit 2026) के लिए दिल्ली पूरी तरह तैयार है. भारत मंडपम में होने वाली इस ऐतिहासिक कूटनीतिक बैठक में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत ब्राजील, दक्षिण अफ़्रीका, मिस्र, इंडोनेशिया, ईरान और यूएई के शीर्ष नेता शिरकत कर रहे हैं.

बैठक के आधिकारिक एजेंडे से इतर, पर्दे के पीछे दिल्ली के सबसे लग्जरी और प्रतिष्ठित होटल (ताज महल, द लीला पैलेस और द ललित) विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए किसी ऐतिहासिक आयोजन की तैयारी में जुटे हैं. इन होटलों की रसोई में इस समय सिर्फ खाना नहीं बन रहा, बल्कि भारत की संस्कृति, मेहमाननवाज़ी और पाक-कला (Culinary Art) का एक ऐसा ताना-बाना बुना जा रहा है जो इन वैश्विक नेताओं को हमेशा याद रहेगा. आइए जानते हैं इन पाँच सितारा होटलों के बंद दरवाजों के पीछे क्या खास पकवान तैयार हो रहे हैं.

‘Tradition to Table’ के साथ मां के आंचल सा अपनापन
दिल्ली के मानसिंह रोड स्थित प्रतिष्ठित ताज महल होटल ने ब्रिक्स मेहमानों के स्वागत के लिए एक बेहद भावुक और अनूठा कॉन्सेप्ट चुना है, जिसका नाम है ‘Tradition to Table’ (परंपरा से थाली तक). यह रेसिपीज़ का एक ऐसा खास कलेक्शन है जिसे ताज के शेफ्स ने अपनी मांओं से प्रेरित होकर तैयार किया है. इसमें उन पारंपरिक व्यंजनों को शामिल किया गया है जिनसे शेफ्स का बचपन और एक गहरा व्यक्तिगत जुड़ाव रहा है. इस कॉन्सेप्ट के तहत भारत के छह अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक स्नैक्स को आधुनिक और शाही अंदाज में परोसा जाएगा. इनमें शामिल हैं:

  • कश्मीर: मसालों से भरपूर स्वाद वाले अखरोट (Spiced Walnuts).
  • पुरानी दिल्ली: खास मैदे से बनी काजू जैसी नमकीन (Purani Dilli Maida Kaju).
  • महाराष्ट्र: चटपटी और कुरकुरी भाकरवड़ी (Bhakarwadi).
  • राजस्थान: मुंह में घुल जाने वाली मिनी कचौरी (Mini Kachori).
  • पश्चिम बंगाल: खस्ता और पारंपरिक कुचो निम्की (Kucho Nimki).
  • तमिलनाडु: दक्षिण भारत की शान मुरुक्कु (Murukku).

ताज महल होटल के एरिया डायरेक्टर (ऑपरेशंस) और जनरल मैनेजर डॉ. अनमोल आहूजा ने इस बारे में साझा करते हुए कहा, “पिछले लगभग पांच दशकों से ताज महल होटल को दुनिया भर से आने वाले राष्ट्राध्यक्षों, राजनयिकों और प्रतिष्ठित नेताओं की मेजबानी करने का गौरव प्राप्त हुआ है. भारत की पाक-कला की विविधता और उसकी समृद्ध विरासत को दर्शाते हुए, यह मेन्यू ताज के अनुभव को परिभाषित करने वाली गर्माहट और अपनेपन की भावना का प्रतीक है.”

राष्ट्र के प्रतीक ‘कमल’ और वेलनेस का अनूठा संगम-
डिप्लोमैटिक मेहमाननवाज़ी के मामले में हमेशा एक कदम आगे रहने वाला ‘द लीला पैलेस’ इस बार भारत के राष्ट्रीय फूल ‘कमल’ (Lotus) को अपने मेन्यू का केंद्रबिंदु बना रहा है. ब्रिक्स इंडिया 2026 के आधिकारिक लोगो में भी कमल का विशेष महत्व है, और द लीला ने इसे अपनी पाक-शैली में बहुत खूबसूरती से ढाला है.

होटल के शेफ्स ने एक विशेष और हस्तनिर्मित (Handcrafted) खाद्य कमल तैयार किया है. गुलाब, केसर और इलायची के अनूठे मेल से बने और स्वदेशी भारतीय फलों के साथ परोसे जाने वाले इस कमल के जरिए भारतीय शिल्प कौशल और अर्थ को एक मंच पर लाया गया है.

द लीला पैलेस नई दिल्ली के एग्जीक्यूटिव शेफ करण ठाकुर बताते हैं, “यह पाक कला यात्रा हमारे पैलेस की रसोई से तैयार उन विशेष रचनाओं के माध्यम से आगे बढ़ती है जिन्हें हमारे मेहमानों द्वारा हमेशा सराहा गया है. इसके साथ ही, ‘Aujasya by The Leela’ के तहत मिलेट कुकीज, हाथ से बनी ग्रैनोला बार्स और वेलनेस इन्फ्यूजनभी परोसे जाएंगे, जो भारतीय पोषक तत्वों की समृद्धि को आधुनिक और सेहतमंद दृष्टिकोण के साथ जोड़ते हैं.” यह मेन्यू अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को भारत का एक ऐसा रूप दिखाता है जो पूरी तरह से आधुनिक, परिष्कृत और भारतीय जड़ों से गहराई से जुड़ा हुआ है.

देसी क्लासिक्स और ग्लोबल जायकों का बेहतरीन फ्यूजन-
द ललित ने ब्रिक्स समिट के लिए एक ऐसा मेन्यू तैयार किया है जो भारत की पारंपरिक क्षेत्रीय विरासत का जश्न मनाने के साथ-साथ ग्लोबल मेहमानों की पसंद का भी पूरा ख्याल रखता है. इस मेन्यू में पारंपरिक बैंक्वेट (दावत) के भोजन से हटकर कुछ बेहद खास और रिफाइंड डिशेज को जगह दी गई है.

मेन्यू की खासियतों में शामिल हैं:
भारत के पारंपरिक गलावटी कबाब और तंदूर में पकी हुई खास रोटियां.
श्री अन्न यानी मिल्स (Millet) को समर्पित एक मजबूत और पोषक तत्वों से भरपूर रेंज.

विदेशी मेहमानों के स्वाद को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई कुछ ग्लोबल डिशेज जैसे—मिसो पेस्ट के साथ ब्रेज़्ड बैंगन (Braised Eggplant with Miso Paste), सिमर्ड चाइनीज कैबेज और एंबर सॉस के साथ जापानी स्टाइल में बनी राजमा डिश (Kidney Bean Sweet Japanese Style with Amber Sauce).

द ललित नई दिल्ली के जनरल मैनेजर विशाल शर्मा ने कहा, “यह विचारशील प्रयास भारतीय आतिथ्य की गर्माहट और चरित्र में गहराई से जुड़े रहते हुए विभिन्न पाक प्रभावों को एक मेज पर लाने का हमारा तरीका है. यह मेन्यू हमारी टीम के लिए एक पैशन प्रोजेक्ट रहा है और यह उस भावना को दर्शाता है जिसके लिए द ललित जाना जाता है—एक ऐसी मेहमाननवाज़ी जो गर्मजोशी से भरी, गरिमापूर्ण और पूरी तरह से भारतीय है.”

कूटनीति के साथ स्वाद का जादू
ब्रिक्स समिट 2026 महज़ राजनीतिक और आर्थिक समझौतों का मंच नहीं है, बल्कि यह भारत की ‘सॉफ्ट पावर’ को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का एक शानदार अवसर भी है. ताज की पारिवारिक विरासत, द लीला का कलात्मक और सेहतमंद अंदाज, और द ललित का ग्लोबल-देसी फ्यूजन—यह सब मिलकर यह साबित करते हैं कि भारत जब अपने मेहमानों का स्वागत करता है, तो वह दिल और दस्तरख्वान दोनों खोल देता है. पुतिन और जिनपिंग जैसे दिग्गज जब इन पकवानों का लुत्फ उठाएंगे, तो यकीनन भारत की यह खुशबू और जायका उनके दिलों में हमेशा के लिए बस जाएगा.



Source link

Write A Comment