जिस उम्र में ज्यादातर युवा क्रिकेटर अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे होते हैं, उसी उम्र में रॉकी फ्लिंटॉफ ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा दिया। इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी ने महज 18 साल की उम्र में ऐसा कारनामा कर दिया, जिसे लंकाशायर के क्रिकेट इतिहास में करीब 136 साल से कोई नहीं छू सका था। वनडे कप में सोमरसेट के खिलाफ रॉकी ने तूफानी अंदाज में अपना पहला शतक जड़ा। उन्होंने सिर्फ 76 गेंदों में 123 रन ठोक दिए। इस पारी के साथ 18 साल 126 दिन की उम्र में रॉकी लंकाशायर की सीनियर टीम के लिए शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। उन्होंने आर्ची मैकलारेन का 136 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

टांटन में खेले गए मुकाबले में रॉकी ने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 7 छक्के लगाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने लंकाशायर को 50 ओवर में 443/6 के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। यह लिस्ट-ए क्रिकेट में लंकाशायर का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।

रॉकी ने इस मुकाबले में कीटन जेनिंग्स के साथ मिलकर 214 रन की शानदार साझेदारी की। जेनिंग्स ने भी बल्ले से कमाल करते हुए 127 गेंदों पर 156 रन बनाए। दोनों की धमाकेदार पारियों के दम पर लंकाशायर ने सोमरसेट को 174 रन से करारी शिकस्त दी और टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जहां उसका सामना बेन स्टोक्स की डरहम टीम से होगा।

136 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

रॉकी की इस पारी की सबसे खास बात उनका शतक नहीं, बल्कि वह रिकॉर्ड है जिसे उन्होंने अपने नाम किया। इससे पहले आर्ची मैकलारेन लंकाशायर के लिए सबसे कम उम्र में फर्स्ट-टीम शतक लगाने वाले बल्लेबाज थे। मैकलारेन ने 1890 में होव में 106 रन की पारी खेली थी। उस समय उनकी उम्र 18 साल और 256 दिन थी। रॉकी ने अब 18 साल और 126 दिन की उम्र में शतक लगाकर उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

जेनिंग्स ने की रॉकी की जमकर तारीफ

रॉकी की पारी के बाद उनके साथी बल्लेबाज कीटन जेनिंग्स ने युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की। उन्होंने माना कि क्रिकेट परिवार से आने वाले खिलाड़ी पर हमेशा अतिरिक्त दबाव रहता है, लेकिन रॉकी ने अपनी बल्लेबाजी से दिखाया है कि वह उस दबाव को संभालने की क्षमता रखते हैं। जेनिंग्स ने कहा कि रॉकी को अच्छी तरह पता है कि उनका परिवार उनके लिए रन नहीं बना सकता। उन्हें खुद मैदान पर उतरकर प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने रॉकी के मजबूत कद-काठी और शांत दिमाग की भी तारीफ की। गौरतलब है कि रॉकी इंग्लैंड अंडर-19 के लिए पहले ही कई शतक लगा चुके हैं। 2025 की शुरुआत में उन्होंने अपने पिता की कोचिंग वाली इंग्लैंड लायंस टीम के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI के खिलाफ भी शतक लगाए थे।

यह भी पढ़ें:

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने आखिरकार जॉर्जिना रोड्रिगेज से रचाई शादी, 9 साल के रिश्तों को दिया नया नाम

मिचेल मार्श ने रचा कीर्तिमान, द हंड्रेड में 400 रन का आंकड़ा छूने वाले बने पहले विेदेशी खिलाड़ी

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment