दिल्ली: शाम की चाय के साथ कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन हो तो सैंडविच एक बेहतरीन ऑप्शन है, लेकिन अगर वही सैंडविच घर पर स्ट्रीट स्टाइल में मिल जाए तो बात ही अलग है. सड़क किनारे मिलने वाले सैंडविच में मक्खन, मसाले, हरी चटनी और सब्जियों का ऐसा स्वाद होता है. जहां एक बार खाने के बाद दोबारा खाने का मन करता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको किसी खास सामान की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ चीजों से ही आप स्वादिष्ट और कुरकुरा स्ट्रीट स्टाइल सैंडविच तैयार कर सकते हैं.
सैंडविच बनाने के लिए चाहिए ये सामग्री
इस सैंडविच के लिए आपको 4 ब्रेड स्लाइस, 1 उबला हुआ आलू, 1 प्याज, 1 टमाटर, 1 छोटी शिमला मिर्च, थोड़ा सा कद्दूकस किया हुआ चीज, मक्खन, हरी चटनी और टोमैटो सॉस चाहिए. इसके अलावा स्वाद के लिए नमक, काली मिर्च, चाट मसाला और थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर ले सकते हैं. अगर आपको ज्यादा सब्जियां पसंद हैं तो इसमें खीरा, चुकंदर या उबला हुआ कॉर्न भी डाला जा सकता है.
सबसे पहले तैयार करें हरी चटनी
स्ट्रीट स्टाइल सैंडविच का असली स्वाद उसकी हरी चटनी से आता है. इसके लिए धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, थोड़ा अदरक, नमक और नींबू का रस लेकर मिक्सर में पीस लें. चटनी को बहुत ज्यादा पतला न रखें, इससे सैंडविच की ब्रेड गीली हो सकती है.
ऐसे लगाएं सैंडविच की लेयर
अब ब्रेड की एक स्लाइस पर अच्छी तरह मक्खन लगाएं और उसके ऊपर हरी चटनी फैलाएं. दूसरी स्लाइस पर टोमैटो सॉस लगाएं. इसके बाद उबले हुए आलू की स्लाइस, प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च की परत लगाएं. ऊपर से नमक, काली मिर्च, चाट मसाला और थोड़ा लाल मिर्च पाउडर डालें. आखिर में कद्दूकस किया हुआ चीज डालकर दूसरी ब्रेड स्लाइस से इसे ढक दें.
तवे पर ऐसे सेंकें कि आएगा स्ट्रीट वाला स्वाद
अब तवे को गर्म करके उस पर थोड़ा मक्खन डालें. सैंडविच को तवे पर रखें और धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सेंकें. इसे दबाकर सेंकने से ब्रेड बाहर से कुरकुरी और अंदर से अच्छी तरह गर्म हो जाएगी. जब ब्रेड सुनहरी और चीज पिघल जाए तो समझिए आपका स्ट्रीट स्टाइल सैंडविच तैयार है.
चटनी और सॉस के साथ करें सर्व
गरमागरम सैंडविच को बीच से काटकर प्लेट में रखें. इसके साथ हरी चटनी, टोमैटो सॉस और ऊपर से थोड़ा चाट मसाला डालकर परोसें. यह सैंडविच नाश्ते, शाम की भूख या बच्चों के टिफिन के लिए भी आसानी से बनाया जा सकता है. कम समय और कम मेहनत में तैयार होने वाली यह रेसिपी घर बैठे स्ट्रीट फूड का मजा देने के लिए बिल्कुल परफेक्ट है.