Rugda Mushroom Recipe: बारिश का मौसम सिर्फ हरियाली ही नहीं लाता, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों की कई ऐसी मौसमी चीजें भी लेकर आता है, जिनका लोग पूरे साल इंतजार करते हैं. झारखंड में ऐसी ही एक खास सौगात है रुगड़ा. पहली बार इसका नाम सुनने वाले अक्सर सोचते हैं कि आखिर यह है क्या, लेकिन जिसने एक बार इसका स्वाद चख लिया, वह अगली बारिश का इंतजार जरूर करता है. जंगलों से मिलने वाला यह देसी मशरूम स्वाद, खुशबू और पोषण का ऐसा मेल माना जाता है, जिसकी तुलना कई लोग चिकन और मटन से करते हैं.

यही वजह है कि मानसून शुरू होते ही स्थानीय बाजारों में इसकी मांग तेजी से बढ़ जाती है, अगर आप भी नई और पारंपरिक चीजों का स्वाद लेना पसंद करते हैं, तो रुगड़ा के बारे में जानना आपके लिए काफी दिलचस्प हो सकता है. आइए जानते हैं यह खास मशरूम आखिर क्यों इतना लोकप्रिय है और घर पर इसकी स्वादिष्ट करी कैसे बनाई जा सकती है.

क्या है रुगड़ा और क्यों है इतना खास?
रुगड़ा एक देसी जंगली मशरूम है, जिसे झारखंड के कई इलाकों में पुटू के नाम से भी जाना जाता है. यह खेतों में उगाई जाने वाली फसल नहीं है, बल्कि मानसून के दौरान साल के जंगलों की मिट्टी के अंदर अपने आप तैयार होता है. इसे खोजने के लिए स्थानीय लोग जंगलों में जाते हैं और मिट्टी हटाकर सावधानी से बाहर निकालते हैं. इसी वजह से इसकी उपलब्धता सीमित रहती है. बाजार में आने के बाद यह जल्दी बिक जाता है और कई बार इसकी कीमत भी सामान्य मशरूम से काफी ज्यादा होती है. झारखंड के ग्रामीण इलाकों में इसे बरसात की सबसे खास खाद्य सामग्री माना जाता है.

स्वाद ऐसा कि लोग भूल जाएं चिकन-मटन
शाकाहारी लोगों की पहली पसंद बन रहा रुगड़ा
रुगड़ा की सबसे बड़ी खासियत इसका स्वाद और बनावट है. पकने के बाद इसका बाहरी हिस्सा हल्का कुरकुरा रहता है, जबकि अंदर का भाग बेहद मुलायम और रसदार हो जाता है. यही वजह है कि कई लोग इसके स्वाद की तुलना चिकन और मटन से करते हैं. सावन के दौरान जब बड़ी संख्या में लोग मांसाहार से दूरी बनाते हैं, तब रुगड़ा उनके लिए बेहतरीन विकल्प बन जाता है. इसे चावल, रोटी या बाजरे की रोटी के साथ भी बड़े चाव से खाया जाता है.

खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
रुगड़ा मिट्टी के अंदर उगता है, इसलिए इसमें मिट्टी के कण काफी मात्रा में चिपके रहते हैं. इसे खरीदने के बाद अच्छी तरह साफ करना जरूरी होता है. खरीदते समय एक-दो रुगड़ा को बीच से काटकर जरूर देख लें, अगर अंदर का हिस्सा पूरी तरह सफेद, साफ और ताजा दिखे तो ही खरीदें, अगर रंग बदला हुआ हो या बदबू आ रही हो, तो उसे लेने से बचें. ताजा रुगड़ा स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी बेहतर माना जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

रुगड़ा करी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
घर पर ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट रेसिपी
रुगड़ा करी बनाने के लिए आपको चाहिए-
1. ताजा रुगड़ा
2. सरसों या रिफाइंड तेल
3. जीरा
4. बारीक कटा प्याज
5. टमाटर
6. हल्दी पाउडर
7. धनिया पाउडर
8. लाल मिर्च पाउडर
9. नमक
10. गरम मसाला
11. हरा धनिया
12. अदरक-लहसुन का पेस्ट (अगर चाहें)

सबसे पहले रुगड़ा को कई बार साफ पानी से धो लें ताकि मिट्टी पूरी तरह निकल जाए. इसके बाद इसे बीच से काट लें और हल्का सा भून लें. अब कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें. फिर प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद टमाटर और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर अच्छी तरह पकाएं. अब हल्दी, धनिया, लाल मिर्च और नमक मिलाकर मसाला तैयार करें. जब मसाला अच्छी तरह पक जाए, तब उसमें भुना हुआ रुगड़ा डाल दें. कुछ मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें ताकि मसाले का स्वाद इसमें अच्छी तरह समा जाए. आखिर में गरम मसाला और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें. गर्मागर्म रुगड़ा करी को सादे चावल, रोटी या पराठे के साथ परोसें. इसका देसी स्वाद खाने का मजा कई गुना बढ़ा देता है.

पोषण के मामले में भी है दमदार
रुगड़ा सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं जाना जाता, बल्कि इसमें प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व भी पाए जाते हैं. यही वजह है कि इसे पौष्टिक भोजन का अच्छा हिस्सा माना जाता है. हालांकि, किसी भी जंगली मशरूम की तरह इसे केवल विश्वसनीय स्रोत से खरीदना और अच्छी तरह साफ करके ही पकाना चाहिए.

बरसात की खास पहचान बन चुका है रुगड़ा
आज झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों के लोग भी रुगड़ा के बारे में जानने लगे हैं. सोशल मीडिया और फूड ब्लॉग्स पर इसकी चर्चा बढ़ने के बाद इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है, अगर आपको पारंपरिक भारतीय व्यंजन और नए स्वाद पसंद हैं, तो इस मानसून रुगड़ा करी जरूर ट्राई करें. हो सकता है कि यह आपकी पसंदीदा शाकाहारी डिश बन जाए.



Source link

Write A Comment