ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच में खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला डार्विन के स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें तीन दिनों के अब तक हुए खेल में मेजबान कंगारू टीम की हालत काफी खराब देखने को मिली है। ऑस्ट्रेलियाई टीम तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाने में कामयाब हो सकी थी, जिसमें बांग्लादेश के पास अभी भी पहली पारी के आधार पर 67 रनों की बढ़त बनी हुई थी। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम पर जहां अभी भी पारी की हार का खतरा घर पर मंडरा रहा है तो वहीं बांग्लादेश के पास इस टेस्ट मैच को चौथे दिन खत्म कर इतिहास रचने का भी शानदार मौका है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर कैमरून ग्रीन 43 और एलेक्स कैरी 19 रन बनाकर खेल रहे थे।
हसन महमूद दूसरी पारी में दिखा रहे गेंद से कमाल
डार्विन टेस्ट में बांग्लादेश के लिए अभी तक 26 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हसन महमूद का कमाल देखने को मिला है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम की पहली पारी में 6 विकेट लेने के साथ जहां उनको 198 रनों के स्कोर पर समेटने में अहम भूमिका अदा की तो वहीं महमूद का कमाल दूसरी पारी में भी गेंद से देखने को मिल रहा है। हसन महमूद ने कंगारू टीम की दूसरी पारी में अब तक 2 विकेट लिए हैं जिसमें उन्होंने ट्रैविस हेड और जैक वेदराल्ड को पवेलियन भेजने में अहम भूमिका अदा की। इसके अलावा मार्नश लाबुशेन को 31 के निजी स्कोर पर तैजुल इस्लाम ने आउट किया जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले स्टीव स्मिथ को तीसरे दिन के खेल में 44 के निजी स्कोर पर मेहदी हसन मिराज ने आउट करने के साथ बांग्लादेश को मुकाबले में बड़ी सफलता दिलाई थी।
बांग्लादेश की तरफ से पहली पारी में दिखी शानदार बल्लेबाजी
मेजबान ऑस्ट्रेलिया को पहले दिन के खेल में ही उनकी पहली पारी में 198 रनों के स्कोर पर समेटने के बाद बांग्लादेश के बल्लेबाजों की तरफ से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें वह अपनी पहली पारी में 426 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रहे। इसके दम पर बांग्लादेश को पहली पारी के आधार पर कुल 228 रनों की बड़ी बढ़त मिल गई। बांग्लादेश के लिए उनके ओपनिंग बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम ने शानदार 101 रनों की शतकीय पारी खेली थी।
ये भी पढ़ें