दिल्ली-मेरठ मार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक तेज रफ्तार एंबुलेंस की चपेट में आने से कांवड़ खंडित हो गई। इस हादसे के विरोध में गुस्साए श्रद्धालुओं ने सड़क पर जोरदार प्रदर्शन किया। यातायात को पूरी तरह ठप कर दिया। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह मामले को शांत कराया।

हरिद्वार से लौट रहे थे कांवड़िए

बताया जा रहा है कि नोएडा के रहने वाले कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। सोमवार सुबह लगभग 6:10 बजे जब उनका काफिला मुरादनगर स्थित प्रिया सिनेमा के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक सरकारी एम्बुलेंस उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। 

सड़क पर धरना देकर कांवड़ियों ने की नारेबाजी

एंबुलेंस की टक्कर से कांवड़ क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके तुरंत बाद कांवड़ियों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित कांवड़ियों ने सड़क पर धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे दिल्ली-मेरठ मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। 

लग गया लंबा जाम

देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर काफी देर तक चक्काजाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा।

पुलिस की टीम ने मामले को कराया शांत

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति को संभालने के लिए श्रद्धालुओं से बातचीत की और उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।

एटा में ट्रक ने कांवड़ियों के ट्रैक्टर ट्रॉली को मारी टक्कर

वहीं, दूसरी ओर एटा जिले के निकट मैनपुरी-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी। उस पर सवार एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। यह हादसा शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली मैनपुरी जिले के कुरावली क्षेत्र के किशनपुर गांव से कांवड़ियों को लेकर गंगाजल लेने सोरों जा रही थी। सूत्रों के अनुसार, मैनपुरी-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

ज़ुबेर अख्तर की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

सावन के पावन अवसर सीएम योगी ने लिखी पाती, जल संरक्षण, प्रकृति और सामाजिक सहभागिता का किया आह्वान





Source link

Write A Comment