Last Updated:
Hyderabad Famous Sweet: हैदराबाद में आंध्र प्रदेश की मशहूर मिठाई आत्रेयपुरम पूथारेकुलु फिर चर्चा में है. पेपर स्वीट कही जाने वाली यह मिठाई त्योहारों और खास मौकों पर खूब पसंद की जा रही है. मूल रूप से आंध्र प्रदेश के गोदावरी जिले के आत्रेयपुरम गांव से जुड़ी यह मिठाई अब हैदराबाद के प्रमुख मिठाई स्टोर्स और घरों में भी खूब पसंद की जा रही है. त्योहारों और खास मौकों पर इसे विशेष रूप से तैयार किया जाता है.
हैदराबाद. तेलंगाना और खासतौर पर हैदराबाद का खान-पान अपनी समृद्ध और अनोखी खाद्य संस्कृति के लिए देशभर में पहचान रखता है. यहां के लोग जितने शौक से हैदराबादी बिरयानी और ईरानी चाय का स्वाद लेते हैं, उतने ही चाव से पारंपरिक मिठाइयों का भी आनंद उठाते हैं. इन दिनों सोशल मीडिया और स्थानीय बाजारों के जरिए आंध्र प्रदेश की प्रसिद्ध मिठाई आत्रेयपुरम पूथारेकुलु एक बार फिर चर्चा में है. ‘पेपर स्वीट’ के नाम से मशहूर यह मिठाई अपने अनोखे स्वाद और मुंह में जाते ही घुल जाने वाली बनावट के कारण लोगों की पसंद बनती जा रही है.
मूल रूप से आंध्र प्रदेश के गोदावरी जिले के आत्रेयपुरम गांव से जुड़ी यह मिठाई अब हैदराबाद के प्रमुख मिठाई स्टोर्स और घरों में भी खूब पसंद की जा रही है. त्योहारों और खास मौकों पर इसे विशेष रूप से तैयार किया जाता है. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने की आसान विधि.
आत्रेयपुरम पूथारेकुलु के लिए आवश्यक सामग्री
इस मिठाई को बनाने के लिए 1 कप चावल का आटा, आधा कप शुद्ध देसी घी, 1 कप गुड़ या चीनी का पाउडर, बारीक कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता, 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर, एक पतला सूती कपड़ा और एक उल्टा मिट्टी का बर्तन चाहिए.
बनाने की विधि
सबसे पहले चावल के आटे में पानी मिलाकर बेहद पतला और पारदर्शी घोल तैयार करें. घोल इतना पतला होना चाहिए कि वह लगभग पानी जैसा दिखाई दे. इसके बाद पारंपरिक तरीके से एक मिट्टी के बर्तन को उल्टा करके आंच पर गर्म किया जाता है. जब बर्तन अच्छी तरह गर्म हो जाए तो सूती कपड़े को चावल के घोल में डुबोकर बर्तन की सतह पर तेजी से घुमाया जाता है. इससे कुछ ही क्षण में कागज जैसी बेहद पतली और पारदर्शी परत तैयार हो जाती है. इस परत को सावधानी से निकाल लें और इसी तरह कई परतें तैयार कर लें.
स्टफिंग और रोल तैयार करने का तरीका
अब चावल की दो या तीन परतों को एक के ऊपर एक रखें. इन पर पिघला हुआ शुद्ध घी अच्छी तरह लगाएं. इसके बाद ऊपर से पिसी हुई चीनी या गुड़ का पाउडर, बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर समान रूप से छिड़क दें. फिर परतों के दोनों किनारों को अंदर की ओर मोड़ते हुए इसे चौकोर पट्टी या रोल का आकार दे दें. इस तरह आपकी स्वादिष्ट आत्रेयपुरम पूथारेकुलु तैयार हो जाती है. यह मिठाई त्योहारों, पारिवारिक आयोजनों और मेहमाननवाजी के लिए बेहद खास मानी जाती है. शाम की चाय के साथ इसका स्वाद और भी अधिक आनंद देता है.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें