Last Updated:
Pressure Cooker Momos Recipe: अगर आपके पास स्टीमर नहीं है, तो भी आप प्रेशर कुकर में बाजार जैसे मुलायम और स्वादिष्ट मोमोज बना सकते हैं. ताजा सब्जियों की स्टफिंग और आसान स्टीमिंग तकनीक की यह रेसिपी बहुत आसान है. घर पर बने मोमोज का टेस्ट आपको दीवाना बना देगा और आप बार-बार यह रेसिपी फॉलो करेंगे.
प्रेशर कुकर में आसानी से टेस्टी मोमोज तैयार कर सकते हैं.
Homemade Momos Recipe: मोमोज का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. सॉफ्ट बाहरी परत, अंदर भरी मसालेदार सब्जियों की स्टफिंग और साथ में तीखी लाल चटनी, यही वजह है कि मोमोज आज भारत के सबसे पसंदीदा स्ट्रीट फूड्स में शामिल हो चुके हैं. मोमोज खाने के लिए अधिकतर लोग बाजार जाते हैं या ऑनलाइन ऑर्डर करते हैं. अधिकतर लोग सोचते हैं कि घर पर बाजार जैसे मुलायम और जूसी मोमोज बनाना मुश्किल है, क्योंकि इसके लिए स्टीमर की जरूरत पड़ती है. अगर आपके घर में प्रेशर कुकर है, तो आप आसानी से बाजार जैसे स्वादिष्ट मोमोज तैयार कर सकते हैं. इसकी रेसिपी बहुत आसान है.
मोमोज बनाने के लिए जरूरी सामग्री
मोमोज की परत तैयार करने के लिए 2 कप मैदा, आधा चम्मच नमक और जरूरत अनुसार पानी लें. वहीं स्टफिंग के लिए एक कप बारीक कटी पत्ता गोभी, आधा कप कद्दूकस की हुई गाजर, एक बारीक कटा प्याज, एक चम्मच कटा हुआ लहसुन, एक चम्मच सोया सॉस, आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक और एक चम्मच तेल की जरूरत होगी.
घर पर ऐसे बनाएं टेस्टी वेज मोमोज
एक बड़े बर्तन में मैदा और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए चिकना और सॉफ्ट आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा बहुत ज्यादा सख्त न हो. आटा तैयार होने के बाद उसे गीले कपड़े से ढककर 20 मिनट के लिए रख दें. इससे मैदा अच्छी तरह सेट हो जाता है और मोमोज की परत मुलायम बनती है.
एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें और उसमें लहसुन डालकर कुछ सेकंड तक भून लें. अब प्याज डालें और हल्का नरम होने तक पकाएं. इसके बाद पत्ता गोभी और गाजर डालकर तेज आंच पर 2 से 3 मिनट तक चलाते हुए पकाएं. अब इसमें नमक, काली मिर्च और सोया सॉस डालकर अच्छी तरह मिला लें. स्टफिंग को ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना सब्जियां पानी छोड़ सकती हैं. तैयार मिश्रण को ठंडा होने के लिए अलग रख दें.
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें पतला बेल लें. बीच में एक चम्मच स्टफिंग रखें और किनारों को मोड़ते हुए मोमोज का आकार दें. आप गोल, अर्धचंद्राकार या फूल जैसी डिजाइन भी बना सकते हैं. अगर पहली बार बना रहे हैं तो साधारण शेप भी बिल्कुल सही रहेगी.
प्रेशर कुकर में लगभग एक से डेढ़ गिलास पानी डालें और अंदर एक स्टैंड रख दें. अब एक प्लेट या छलनी पर हल्का तेल लगाकर मोमोज सजा दें. प्लेट को कुकर के अंदर रखें और ढक्कन बंद कर दें. ध्यान रखें कि कुकर की सीटी न लगाएं. मध्यम आंच पर 12 से 15 मिनट तक मोमोज को स्टीम करें. जब मोमोज की बाहरी परत हल्की चमकदार और पारदर्शी दिखाई देने लगे, तो समझ जाइए कि वे तैयार हैं.
मोमोज का असली स्वाद उसकी चटनी में छिपा होता है. इसके लिए सूखी लाल मिर्च, टमाटर, लहसुन और थोड़ा नमक उबालकर पीस लें. तैयार चटनी को मोमोज के साथ सर्व करें. इसका तीखा और चटपटा स्वाद मोमोज का मजा दोगुना कर देगा.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें