महाराष्ट्र में भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जल जमाव की स्थिति बनी है। मुंबई के पास वसई पश्चिम में भी हालात ऐसे ही हैं। यहां एक कुत्ते को बचाने के चक्कर में कार सड़क किनारे भरे पानी में गिर गई। कार में चार लोग सवार थे, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना वसई पश्चिम के सनसिटी इलाके की है। यहां गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे एक चार पहिया वाहन सड़क किनारे भरे पानी में जा गिरा। यह घटना सनसिटी गास रोड पर तुलजा मंदिर से कुछ दूरी आगे हुई।
कार चालक के अनुसार, वाहन के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने की कोशिश में चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया, जिससे कार सीधे सड़क किनारे करीब दो से तीन फीट गहरे पानी में जा गिरी।
स्थानीय लोगों की मदद से बची जान
वसई पश्चिम इलाके में सुबह से बारिश हो रही थी, लेकिन सड़क पर पानी जमा नहीं था। सड़क के किनारे स्थित खाली जगह में बड़ी मात्रा में पानी भरा हुआ था, जिसमें यह कार जा गिरी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और उनकी मदद से कार को पानी से बाहर निकाला गया। उस समय कार में चार लोग सवार थे। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई, हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन के सामने अचानक कुत्ता आ जाने के कारण यह दुर्घटना हुई।
वसई में पहले भी हुआ था जलजमाव
जुलाई की शुरुआत में महाराष्ट्र में जमकर बारिश हुई थी। इस दौरान भी वसई में जलजमाव हो गया था और बिजली की आपूर्ति रोक दी गई थी। इससे लाखों लोगों को परेशानी हो रही थी। हालांकि, पानी उतरने के बाद 12 घंटे के अंदर बिजली की आपूर्ति शुरू कर दी गई थी। जुलाई की शुरुआत में यहां पांच दिन तक लगातार मूसलाधार बारिश हुई थी। बाढ़ के पानी में 528 ट्रांसफार्मर डूब गए थे, जिनमें से 62 पूरी तरह खराब हो गए और उन्हें तत्काल बदलना पड़ा। इसके अलावा 91 बिजली के खंभे भी गिर गए थे, जिसके कारण नए खंभे लगाने पड़े साथ ही ऊपर (ओवरहेड) से गुजरने वाली बिजली लाइनों को फिर से लगाना पड़ा।
(वसई से हानिफ की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
मुंबई में छाता चोरों के आतंक से लोग परेशान, पुलिस भी हो गई हैरान, सामने आया Video