Kerala Black Channa Curry Recipe: दक्षिण भारतीय खाने का स्वाद पसंद करने वालों के लिए कडाला करी एक बेहतरीन विकल्प है. केरल की यह पारंपरिक करी आमतौर पर अप्पम, पुट्टू और इडियाप्पम के साथ परोसी जाती है. काले चने, नारियल और मसालों से बनी यह करी बहुत ही स्वादिष्ट होती है. अगर आप घर पर कुछ अनोखा और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो केरल-स्टाइल कडाला करी की इस आसान रेसिपी को जरूर आजमाएं…

सामग्री
कडाला बनाने के लिए, 1 कप काले चने, 1 प्याज़, 1 टमाटर, 1-2 हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, ½ कप कद्दूकस किया हुआ नारियल, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ½ छोटा चम्मच गरम मसाला, ½ छोटा चम्मच जीरा, ½ छोटा चम्मच राई, कुछ करी पत्ते, नमक और 2 बड़े चम्मच तेल लें. स्वाद बढ़ाने के लिए आप थोड़ी काली मिर्च और नारियल का दूध भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

चने तैयार करें
कडाला बनाने के लिए सबसे पहले, काले चनों को अच्छी तरह धो लें और उन्हें 7-8 घंटे या रात भर के लिए पानी में भिगो दें. सुबह पानी निकाल दें और चनों को फिर से धो लें. अब, उन्हें प्रेशर कुकर में पानी और थोड़े नमक के साथ 4-5 सीटी आने तक पकाएं. चने नरम होने चाहिए, लेकिन पूरी तरह गलकर घुलने नहीं चाहिए.

नारियल का मसाला तैयार करें
एक पैन में थोड़ा तेल गरम करें. कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें और हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब, धनिया पाउडर, थोड़ी काली मिर्च और जीरा डालें. मसालों को धीमी आंच पर कुछ सेकंड के लिए भूनें, फिर आंच बंद कर दें. जब मिश्रण ठंडा हो जाए, तो इसे थोड़े पानी के साथ पीसकर चिकना पेस्ट बना लें.

कडाला करी बनाएं
एक कड़ाही में तेल गरम करें और उसमें राई, करी पत्ते और हरी मिर्च डालें. जब राई चटकने लगे, तो बारीक कटा हुआ प्याज़ डालें और सुनहरा भूरा होने तक भूनें. इसके बाद, अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और थोड़ी देर तक पकाएं.

अब, कटे हुए टमाटर डालें और नरम होने तक पकाएं. हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालें और अच्छी तरह मिलाएं. फिर, तैयार नारियल का पेस्ट डालें और मसाले को 2-3 मिनट तक भूनें.

आखिर में उबले हुए काले चने और ज़रूरत के अनुसार पानी डालें, फिर करी को धीमी आंच पर 8-10 मिनट तक पकने दें. इससे चने मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख लेते हैं. नमक और करी पत्ते डालें, फिर आंच बंद कर दें.

कैसे परोसें
गरमा-गरम कडाला करी को अप्पम, पुट्टू, इडियप्पम या चावल के साथ परोसें. ऊपर से ताज़ा नारियल डालकर सजाने से स्वाद और बढ़ जाता है. आप अपनी पसंद के अनुसार मसालों की मात्रा कम या ज़्यादा कर सकते हैं.



Source link

Write A Comment