Last Updated:

जमशेदपुर में कच्ची गोश्त बिरयानी की शुरुआत हुई है. इंटरनेशनल शेफ नसीम इसे पारंपरिक तरीके से बनाते हैं. इसमें कच्चे मटन को मसालों के साथ दम दिया जाता है. इसकी हाफ प्लेट मात्र ₹70 में उपलब्ध है. इसका अनोखा स्वाद कोलकाता-हैदराबादी बिरयानी को कड़ी टक्कर दे रहा है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर: जमशेदपुर में बिरयानी प्रेमियों की कोई कमी नहीं है. शहर में कोलकाता, हैदराबादी, लखनवी और मुरादाबादी बिरयानी पहले से ही लोगों की पसंद बनी हुई हैं. लेकिन अब बिरयानी के शौकीनों के लिए एक नया और खास स्वाद शहर में आया है. पहली बार जमशेदपुर में “कच्ची गोश्त बिरयानी” परोसी जा रही है, जिसका स्वाद और बनाने का तरीका दोनों ही अन्य बिरयानियों से बिल्कुल अलग है. यही वजह है कि यह बिरयानी तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय हो रही है.

इस खास बिरयानी को लेकर आए हैं प्रोफेशनल इंटरनेशनल शेफ नसीम, जो पिछले 15 वर्षों से बिरयानी और अन्य व्यंजनों के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. नसीम ने मलेशिया, कतर, दुबई और जर्मनी जैसे देशों में बतौर प्रोफेशनल शेफ अपनी सेवाएं दी हैं. विदेशों में वर्षों तक काम करने के बाद उन्होंने अपने अनुभव और हुनर को अपने शहर के लोगों तक पहुंचाने का फैसला किया. इसी सोच के साथ वे जमशेदपुर लौटे और यहां कच्ची गोश्त बिरयानी की शुरुआत की.

नसीम बताते हैं कि कच्ची गोश्त बिरयानी की सबसे बड़ी खासियत इसकी मेकिंग प्रक्रिया है. आमतौर पर कई बिरयानियों में मांस को पहले पकाया जाता है और फिर चावल के साथ मिलाया जाता है, लेकिन कच्ची गोश्त बिरयानी में ऐसा नहीं होता. इसमें ताजे कच्चे मटन को दही, केसर, घी और विशेष मसालों के साथ कई घंटों तक मैरीनेट किया जाता है. इसके बाद बड़े बर्तन में सबसे नीचे मैरीनेट किया हुआ कच्चा मटन रखा जाता है और उसके ऊपर आधा पका हुआ खुशबूदार बासमती चावल डाला जाता है.

इसके बाद बर्तन को पूरी तरह सील कर धीमी आंच पर ‘दम’ दिया जाता है. इस प्रक्रिया में मटन और चावल एक साथ पकते हैं. मटन का रस और मसालों की खुशबू चावल के हर दाने में समा जाती है, जिससे बिरयानी का स्वाद बेहद खास और लाजवाब बन जाता है. यही पारंपरिक तकनीक इस बिरयानी को अन्य बिरयानियों से अलग पहचान देती है. इसकी सुगंध और स्वाद लोगों को पहली ही प्लेट में अपना दीवाना बना रही है.

कीमत की बात करें तो कच्ची गोश्त बिरयानी हाफ प्लेट ₹70 और फुल प्लेट ₹120 में उपलब्ध है, जिससे हर वर्ग के लोग इसका स्वाद ले सकते हैं. कम कीमत में मिलने वाली यह प्रीमियम क्वालिटी बिरयानी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

बिरयानी का स्वाद लेने पहुंचे ग्राहक बताते हैं कि उन्होंने पहले कई तरह की बिरयानियां खाई हैं, लेकिन कच्ची गोश्त बिरयानी का स्वाद बिल्कुल अलग और यादगार है. ग्राहकों का कहना है कि पहली बार उन्हें इतनी खुशबूदार, मुलायम और स्वादिष्ट बिरयानी खाने को मिली है. यही कारण है कि यह नई बिरयानी अब जमशेदपुर के फूड लवर्स की पसंद बनती जा रही है.

About the Author

Prashun Singh

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.



Source link

Write A Comment