टीम इंडिया का बांग्लादेश दौरा प्रस्तावित है, जहां वनडे और टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जानी है। हालांकि अभी तक ये तय नहीं है कि क्या टीम इंडिया बांग्लादेश जाएगी। अभी के हालात को देखें तो ये काफी मुश्किल नजर आता है, लेकिन बांग्लादेश ने अभी उम्मीद नहीं हारी है। वहां के युवा और खेल राज्य मंत्री ने उम्मीद जताई है कि कुछ ना कुछ रास्ता निकाला जाएगा और सीरीज होगी। पिछले कुछ वक्त से दोनों देशों के बीच रिश्ते कुछ ठीक नहीं रहे हैं, इसका असर इस सीरीज पर भी पड़ता हुआ नजर आ रहा है। 

बांग्लादेश को टीम इंडिया के आने की उम्मीद

भारतीय क्रिकेट टीम को पिछले ही साल यानी 2025 में बांग्लादेश के दौरे पर जाना था। लेकिन इसे टाल दिया गया और कहा गया कि अब सितंबर 2026 में टीम इंडिया बांग्लादेश जाएगी। अब सितंबर में कुछ ही वक्त बाकी है, लेकिन सीरीज होगी कि नहीं, इसको लेकर कुछ भी साफ नहीं है। इस बीच क्रिकबज के हवाले से पता चला है कि बांग्लादेश के युवा एवं खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने कहा है कि उनकी सरकार सितंबर में टीम इंडिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि दोनों देशों के बीच जो रिश्ते इस वक्त तल्ख चल रहे हैं, उसे खेल के माध्यम से ठीक किया जा सकता है। 

बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने भारत आकर टी20 विश्व कप के मैच खेलने से कर दिया था इन्कार

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी की ओर से इसी साल की शुरुआत में कहा गया था कि सितंबर में तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों के लिए टीम इंडिया बांग्लादेश आएगी, लेकिन तब से लेकर अब तक हालत काफी बदल चुके हैं। इस बीच जब साल 2026 की शुरुआत में भारत में टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन किया गया तो पाकिस्तान के बहकावे में आकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों को भारत खेलने से भेजने से इन्कार कर दिया। इसको लेकर आईसीसी ने काफी कोशिशें कीं, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद बांग्लादेश को टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होना पड़ा और उसकी जगह स्कॉटलैंड की एंट्री इस आईसीसी टूर्नामेंट में हो गई। 

बांग्लादेश ने सीरीज के मीडिया राइट्स पर भी लगाई रोक

इसके बाद से ही ये लगने लगा था कि टीम इंडिया अब शायद बांग्लादेश के दौरे पर नहीं जाएगी। इस बीच इस महीने की शुरुआत में बीसीबी ने इस सीरीज के मीडिया राइट्स बेचने की तैयारी शुरू की, लेकिन अचानक इसे रोक दिया गया। इससे सवाल उठने शुरू हो गए हैं कि क्या टीम इंडिया बांग्लादेश नहीं जाएगी, इसलिए मीडिया राइट्स पर रोक लगा दी गई है। 

बीसीबी ने जांच के लिए बनाई है कमेटी

इस बीच खबर ये भी है कि बांग्लादेश ने इस मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है कि बांग्लादेश ने भारत में जाकर आईसीसी टी20 विश्व कप के मैच खेलने से इन्कार क्यों किया था। हालांकि बीसीसीआई ने इसको लेकर कोई बयान नहीं दिया है। अगर भीतर ही भीतर दोनों बोर्ड के बीच में कोई बात हो रही होगी तो इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।वैसे वक्त काफी कम बचा है, हो सकता है कि जल्द ही इसका फैसला ले लिया जाए। लेकिन फिलहाल टीम इंडिया का बांग्लादेश जाना दूर की कौड़ी नजर आता है। 

यह भी पढ़ें 

कितने बजे शुरू होंगे भारत बनाम जिम्बाब्वे टी20 मैच, शाम सात और साढ़े सात भूल जाइए, नोट कीजिए सही वक्त

श्रेयस अय्यर फिर संभालेंगे कमान, भारत बनाम जिम्बाब्वे सीरीज के लिए क्या है पूरा स्क्वाड

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment