होमफोटोलाइफ़फूड

खट्टा भी, मीठा भी! गुड़ और कच्चे आम का ये अचार बना देगा हर खाने को खास, जानिए

Last Updated:

गर्मियों की शुरुआत होते ही बाजारों में कच्चे आम की महक छा जाती है और रसोई में बनने लगते हैं स्वाद से भरपूर व्यंजन. अगर आप भी कुछ ऐसा ट्राई करना चाहते हैं जो स्वाद में खट्टा-मीठा हो और बनाने में आसान, तो गुड़ और कच्चे आम का यह अचार आपके लिए परफेक्ट है. कम मेहनत में तैयार होने वाला यह अचार न सिर्फ खाने का मजा बढ़ाता है, बल्कि लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सकता है.

गर्मियों का मौसम शुरू होते ही बाजारों में कच्चे आम की बहार आ जाती है और हर रसोई में उसकी खट्टी-मीठी खुशबू घुलने लगती है. इस मौसम में कच्चे आम से बने व्यंजन न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि खाने का मजा भी कई गुना बढ़ा देते हैं.

अगर आप भी कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं, जो झटपट तैयार हो जाए, स्वाद में खट्टा भी हो और मीठा भी, तो गुड़ और कच्चे आम का यह अचार आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है. खास बात यह है कि इसे बनाना बहुत आसान है और सही तरीके से स्टोर करने पर यह लंबे समय तक खराब भी नहीं होता.

इस स्वादिष्ट खट्टे-मीठे अचार को बनाने के लिए सबसे पहले आपको एक किलो कच्चे आम लेने होंगे. इन्हें अच्छे से धो लें, ताकि सारी धूल-मिट्टी साफ हो जाए. इसके बाद आम को दो टुकड़ों में काट लें और फिर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. ध्यान रखें कि टुकड़े बहुत बड़े न हों, ताकि मसाले अच्छी तरह उनमें समा सकें और अचार का स्वाद और भी बेहतर बने.

Add News18 as
Preferred Source on Google

अब एक कढ़ाही लें और उसमें लगभग दो बड़े चम्मच सरसों का तेल डालें. गैस को मध्यम आंच पर चालू करें और तेल को गर्म होने दें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब उसमें एक छोटा चम्मच जीरा, एक छोटा चम्मच कलौंजी, चार सूखी लाल मिर्च और एक तेजपत्ता डालकर तड़का लगाएं. जैसे ही मसाले चटकने लगें और उनकी खुशबू आने लगे, समझ जाएं कि तड़का तैयार है.

अब इसमें कटे हुए आम के टुकड़े डालें और उन्हें अच्छी तरह से मिलाएं. आम को कुछ मिनट तक पकाएं, ताकि वे हल्के नरम होने लगें. इसके बाद इसमें एक छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें. अब इस मिश्रण में एक किलो गुड़ डालें और गैस की आंच को धीमा कर दें. कढ़ाही को ढक दें और मिश्रण को पकने दें, ताकि गुड़ धीरे-धीरे पिघल जाए और आम के साथ अच्छी तरह मिल जाए.

करीब दस मिनट बाद ढक्कन हटाएं और देखें कि गुड़ पूरी तरह से पिघल चुका है या नहीं. अगर गुड़ पिघल गया है, तो पूरे मिश्रण को एक बार अच्छी तरह से चलाएं, ताकि सभी सामग्री आपस में अच्छी तरह मिल जाए. अब गैस बंद कर दें और अचार को थोड़ा ठंडा होने दें.

जब अचार हल्का ठंडा हो जाए, तो इसे एक साफ और सूखे एयरटाइट कंटेनर में भरकर रख लें. इस बात का खास ध्यान रखें कि अचार में किसी भी तरह की नमी न जाए, क्योंकि नमी से अचार जल्दी खराब हो सकता है. अगर आप इसे कमरे के तापमान पर रखते हैं और नमी से दूर रखते हैं, तो यह अचार कई महीनों तक सुरक्षित रह सकता है. वहीं, अगर आप इसे फ्रिज में स्टोर करते हैं, तो यह आराम से एक महीने से भी अधिक समय तक ताजा बना रहता है.

यह खट्टा-मीठा आम का अचार दाल-चावल, पराठा या सादी रोटी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है. इसका चटपटा स्वाद हर निवाले को खास बना देता है और खाने का मजा दोगुना कर देता है. गर्मियों में इसे एक बार जरूर बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके लाजवाब स्वाद का आनंद लें.



Source link

Write A Comment