बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान हाल ही में परम पूज्य जगद्गुरु स्वामी सतीश आचार्य महाराज जी से मिले। मुलाकात के दौरान सुपरस्टार बहुत खुश दिखाई दिए और उन्होंने आध्यात्मिक गुरु के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। जगद्गुरु महाराज जी ने मुंबई में ‘वर्षा’ में मुंबई के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की। जगद्गुरु ने इन खास पलों की झलक भी अपने सोशल मीडिया पर शेयर की है। यह पहली बार नहीं है, जब आमिर खान जगद्गुरु सतीश आचार्य महाराज जी से मिले हैं। अभिनेता ने पहले भी उनका आशीर्वाद लिया था और धर्म, उपनिषद् और आध्यात्मिकता जैसे विषयों पर उनसे विस्तार से बातचीत की थी।
जगद्गुरु सतीशाचार्य महाराज से मिले आमिर खान
आमिर खान के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए, जगद्गुरु महाराज जी की सोशल मीडिया टीम ने लिखा, ‘जब आध्यात्म और सिनेमा जगत की दो प्रमुख हस्तियां एक साथ आईं।’ टीम के अनुसार आमिर ने जगद्गुरु महाराज जी का आशीर्वाद लिया और उनसे बातचीत की। इस खास मुलाकात के दौरान एक्टर आमिर ने ग्रे-व्हाइट कलर का कुर्ता और ब्लैक लूज पजामा पहना था। बातचीत शुरू करने से पहले अभिनेता और जगद्गुरु महाराज जी को एक साथ पोज देते हुए देखा गया। आध्यात्मिक गुरु की बातें सुनते हुए आमिर बहुत खुश नजर आ रहे हैं।
जगद्गुरु को आमिर खान ने खास अंदाज में किया विदा
आमिर खान और जगद्गुरु सतीशाचार्य महाराज की मुलाकात का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सुपरस्टार को जगद्गुरु से हाथ मिलाते और उन्हें गर्मजोशी से गले लगाते हुए देखा गया। बाद में, जब जगद्गुरु महाराज जी जा रहे थे तो आमिर उन्हें छोड़ने के लिए उनकी कार तक गए और हाथ जोड़कर विदा किया।
पैपराजी ने पूछा- ‘क्या होने वाला है?’
इस मुलाकात ने पैपराजी के मन में भी यह जानने की उत्सुकता जगा दी कि क्या वे दोनों मिलकर कुछ करने का प्लान बना रहे हैं। पैपराजी में से एक ने जगद्गुरु महाराज जी से पूछा, ‘मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और आमिर खान से मिले आप, क्या होने वाला है? कोई कार्यक्रम है?’ इस सवाल का जवाब देते हुए जगद्गुरु महाराज जी ने कहा कि उन्हें वहां जाना होगा जहां धर्म उन्हें बुलाएगा, क्योंकि अभी गणेश महोत्सव का जश्न चल रहा है।
देवेंद्र फडणवीस ने जगद्गुरु सतीशाचार्य से की मुलाकात
गणेशोत्सव के दौरान आमिर खान से मिलने के अलावा, जगद्गुरु महाराज जी ने मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके सरकारी आवास ‘वर्षा’ पर भी मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने लिखा, ‘परम पूज्य जगद्गुरु स्वामी सतीश आचार्य जी महाराज ने आज गणेशोत्सव के मौके पर मुंबई में सरकारी आवास ‘वर्षा’ का दौरा किया, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।’ उन्होंने आगे बताया कि जगद्गुरु महाराज जी ने श्री गणपति बप्पा के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
आमिर खान का बिग बजट प्रोजेक्ट
बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान और कबीर खान की ‘सिलक्यारा 41’ का ऐलान हो चुका है। यह फिल्म उत्तराखंड के सिलक्यारा टनल रेस्क्यू मिशन से प्रेरित है, जिसमें 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चले ऐतिहासिक बचाव अभियान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध टनल विशेषज्ञ एवं ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य के गौरव प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स की अहम भूमिका को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा।
ये भी पढ़ें – सुपरस्टार आमिर खान को नजरअंदाज करने के दावे पर भड़कीं प्रीति जिंटा, वायरल वीडियो की बताई सच्चाई