Last Updated:
Pahadi Kadhi Recipe for Summer: गर्मियों के तपते मौसम में अगर आप कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो पेट को ठंडक दे और स्वाद में भी लाजवाब हो, तो कुमाऊं की पारंपरिक मेथी झोली से बेहतर कुछ नहीं. पहाड़ों की रसोई से निकला यह खास व्यंजन न केवल पाचन के लिए रामबाण है, बल्कि इसे बनाने का तरीका भी बेहद सरल है. जानिए कैसे कम समय में तैयार होने वाली यह झोली आपके लंच का मजा दोगुना कर देगी.
बागेश्वर: गर्मियों के मौसम में हल्का, पचने में आसान और स्वादिष्ट भोजन हर किसी को पसंद होता है. पहाड़ों की पारंपरिक रसोई में ऐसा ही एक खास व्यंजन मेथी झोली है. जिसे कुमाऊं क्षेत्र में बड़े चाव से बनाया और खाया जाता है. यह एक तरह की कढ़ी होती है, जिसमें मेथी के पत्तों की हल्की कड़वाहट और दही का खट्टापन मिलकर एक अनोखा स्वाद तैयार करते हैं. यही वजह है कि यह व्यंजन हर उम्र के लोगों को पसंद आता है.
कुशल गृहणी किरन पांडे ने लोकल 18 को बताया कि मेथी झोली न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होती है, बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद मानी जाती है. मेथी पाचन को बेहतर बनाती है और गर्मियों में शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करती है. वहीं दही या छाछ शरीर को हाइड्रेट रखने और पेट को ठंडा रखने का काम करती है.
इस पारंपरिक व्यंजन को बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में दही और बेसन का पतला घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि इसमें गुठलियां न रहें. अब कढ़ाई में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा, राई, मेथी दाना और एक चुटकी हींग डालकर तड़का लगाएं. जब मसाले चटकने लगें, तब इसमें बारीक कटा अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें. इसके बाद इसमें ताजी कटी हुई मेथी डालें और 2-3 मिनट तक पकाएं, जिससे मेथी की कड़वाहट कम हो जाए. अब तैयार किया हुआ दही-बेसन का घोल कढ़ाई में डाल दें, लगातार चलाते रहें ताकि मिश्रण फटे नहीं. इसे धीमी आंच पर 10 से 15 मिनट तक पकाएं, जब तक यह थोड़ा गाढ़ा न हो जाए.
यह भी पढ़ें: Recipe: कई दालों को मिलाकर बनती ये खास पहाड़ी डिश, एक बार चख लिया तो जिंदगीभर नहीं भूल पाएंगे स्वाद
स्वाद बढ़ाने के टिप्स
पारंपरिक तरीके से मेथी झोली को गरम-गरम भात चावल के साथ परोसा जाता है. कुछ लोग इसमें कद्दूकस की हुई मूली या चावल का पेस्ट मिलाकर इसका स्वाद और गाढ़ापन बढ़ाते हैं. ऊपर से थोड़ा देसी घी डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. पहाड़ों में यह व्यंजन केवल स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बनाया जाता है. गर्मियों में जब भारी भोजन से परहेज किया जाता है, तब मेथी झोली एक हल्का और संतुलित विकल्प बनकर सामने आती है. यही वजह है कि आज भी यह रेसिपी दादी-नानी की रसोई से निकलकर हर घर में पसंद की जाती है. अगर आप भी कुछ नया और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो इस बार गर्मियों में मेथी झोली जरूर बनाएं और इसका पारंपरिक स्वाद घर पर ही लें.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें