Last Updated:
पुदीना चटनी रेसिपी, Pudina Chutney Recipe : पुदीना की चटनी बनाना बहुत आसान है और ये 10 मिनट में बनकर तैयार हो जाती है. आप भी अगर खाने में चटनी पसंद करते हैं तो बेहद सरलता से पुदीना चटनी बना सकते हैं. पुदीना चटनी खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ ही सेहत के लिए भी काफी गुणकारी होती है. आप एसिडिटी, पेट की जलन जैसी समस्याओं से परेशान हैं तो पुदीना की चटनी काफी राहत दे सकती है. आइए जानते हैं पुदीना चटनी बनाने की आसान रेसिपी. (रिपोर्ट: आशीष पांडे/शिवपुरी)
गर्मी आते ही भारतीय खाने का तरीका थोड़ा बदल जाता है. इस मौसम में लोग हल्का और ठंडक देने वाला खाना ज्यादा पसंद करते हैं. ऐसे में हर घर में बनने वाली हरी मिर्च, धनिया और पुदीना की चटनी का स्वाद ही अलग होता है. खास बात ये कि गांवों में लगभग हर घर में पुदीना आसानी से मिल जाता है.
लोग इसे अपने घर के पास ही लगा लेते हैं, ताकि रोज ताजा पत्तियां मिलती रहें. सुबह या दोपहर के खाने में रोटी, दाल या सब्जी के साथ यह चटनी मिल जाए तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. बच्चे हों या बड़े, सभी इसे बड़े चाव से खाते हैं. इसकी खुशबू और स्वाद ऐसा होता है कि बार-बार खाने का मन करता है.
गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडक देना बहुत जरूरी होता है और पुदीना इसमें काफी मदद करता है. पुदीना की तासीर ठंडी होती है, जिससे शरीर को राहत मिलती है और लू से बचाव होता है. जब इसे चटनी के रूप में खाया जाता है, तो यह स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद बन जाता है. इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, आयरन, कैल्शियम, पोटेशियम, थायमिन, एंटी-ऑक्सीडेंट, एंटी वायरल और एंटी माइक्रोबियल गुण पाए जाते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
गांवों में लोग खास तौर पर गर्मी में इसे रोज के खाने में शामिल करते हैं. यह पाचन को भी ठीक रखता है और पेट को हल्का महसूस कराता है. अगर दिन भर की गर्मी के बाद थकान लग रही हो, तो पुदीना की चटनी के साथ खाना खाने से ताजगी महसूस होती है. यही वजह है कि गर्मी के दिनों में यह चटनी हर घर की पहली पसंद बन जाती है और लोग इसे बड़े शौक से खाते हैं.
पुदीना की चटनी बनाना बहुत आसान है और इसे कोई भी घर पर जल्दी तैयार कर सकता है. इसके लिए सबसे पहले ताजा पुदीना की पत्तियां लें और अच्छी तरह साफ कर लें. इसके साथ हरा धनिया, हरी मिर्च और स्वाद अनुसार नमक लें. गांवों में आज भी लोग इसे सिलबट्टे पर पीसना ज्यादा पसंद करते हैं, क्योंकि इसमें चटनी का स्वाद और भी बढ़ जाता है.
धीरे-धीरे पीसने से इसकी खुशबू भी बनी रहती है. अगर आप शहर में हैं और सिलबट्टा नहीं है, तो मिक्सी में भी इसे आसानी से पीस सकते हैं. चाहें तो इसमें थोड़ा सा नींबू का रस भी डाल सकते हैं, जिससे स्वाद और बढ़ जाता है. कुछ ही मिनट में यह चटनी तैयार हो जाती है और खाने के साथ तुरंत परोस सकते हैं.
पुदीना, धनिया और हरी मिर्च की यह चटनी ऐसी होती है कि एक बार खाने के बाद बार-बार खाने का मन करता है. इसका ताजा स्वाद और ठंडक देने वाली खासियत लोगों को बहुत पसंद आती है. खासकर गर्मी में जब भूख कम लगती है, तब यह चटनी खाने का स्वाद बढ़ा देती है.
बच्चे भी इसे बड़े मजे से खाते हैं और कई बार तो सिर्फ चटनी के साथ ही रोटी खत्म कर देते हैं. घर में मेहमान आ जाएं, तो भी यह चटनी तुरंत तैयार हो जाती है और सबको पसंद आती है. यही वजह है कि जो भी इसे एक बार खा लेता है, वह रोज खाने की फरमाइश जरूर करता है.