गाजियाबाद के साहिबाबाद में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। मां के साथ स्कूल जा रही पांच साल की बच्ची ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। ट्रॉली पलटने के बाद बच्ची और उसकी मां उसके नीचे दब गईं। हादसे में बच्ची की मौत हो गई, जबकि मां घायल हो गईं। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई

घटना अर्थला के बालाजी विहार इलाके की है। न्यू हिंडन विहार निवासी मोहसिन की पांच साल की बेटी इनाया अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह इलाके के एक निजी स्कूल में LKG की छात्रा थी। शनिवार सुबह करीब सात बजे इनाया अपनी मां सुल्ताना के साथ स्कूल के लिए निकली थी।

स्कूल जाने के दौरान हुआ हादसा

बताया गया है कि कॉलोनी में एक मकान का निर्माण चल रहा था, जिसके चलते सड़क पर मिट्टी और मलबा जमा था। इसी दौरान ईंटें पहुंचाने आई ट्रैक्टर-ट्रॉली का एक पहिया मिट्टी के ढेर पर चढ़ गया। संतुलन बिगड़ते ही ट्रॉली पलट गई और वहां से गुजर रही मां-बेटी उसकी चपेट में आ गईं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मां सुल्ताना ने अपनी बेटी को बचाने की कोशिश की, लेकिन ट्रॉली का वजन अधिक होने के कारण वह उसे बाहर नहीं निकाल सकीं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को मलबे और ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें वसुंधरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

चालक मौके से फरार

इलाज के दौरान देर शाम पांच साल की इनाया ने दम तोड़ दिया। वहीं, सुल्ताना को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। ACP साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक, चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

(रिपोर्ट: जुबैर अख्तर)

यह भी पढ़ें:

खाकी हुई शर्मसार, एक्सीडेंट के बाद पुलिसकर्मी ने बीच सड़क की बाइक सवार की पिटाई, वीडियो वायरल

कोचिंग सेंटर के बोर्ड की आड़ में चल रहा था ‘डेविल हुक्का बार’ ग्राहक बनकर पहुंची क्राइम ब्रांच टीम





Source link

Write A Comment