दक्षिण गुजरात में लगातार भारी बारिश हो रही है। इसका असर अब रेलवे यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कई ट्रेनों का रूट छोटा कर दिया गया है। इससे बड़ी संख्या में यात्री वडोदरा रेलवे स्टेशन पर फंस गए। स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जबकि पश्चिम रेलवे के वडोदरा डिवीजन पर किसी भी तरह की उचित व्यवस्था नहीं करने के आरोप लगे हैं। हालात ऐसे बन गए कि यात्रियों को प्लेटफॉर्म की सीढ़ियों और फर्श पर बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है।
नाराज यात्रियों का कहना है कि रेलवे अधिकारियों से उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा। किस ट्रेन का संचालन कब होगा, इसकी भी कोई जानकारी नहीं दी जा रही। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि रेलवे टिकट तक देने को तैयार नहीं है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
स्टेशन पर बैठे लोगों को भगा रही पुलिस
सचिन शर्मा नाम के एक व्यक्ति ने इंडिया टीवी से बातचीत में कहा, “मुझे सोमनाथ जाना है। यहां कोई सुविधा नहीं है। न कोई ट्रेन का कोई सही जवाब दे रहा है कि ट्रेन आएगी या नहीं आएगी। बोलते हैं कि सब मुंबई से ट्रेन रद्द की गई है, लेकिन रद्द करने के बाद हमको सुविधा देनी चाहिए। यहां आदमियों के बैठने के लिए व्यवस्था नहीं है। बैठते हैं तो पुलिस आती है। वो भगा देती है। आदमी जाए तो जाए कहां? रेलवे विभाग से मेरा निवेदन है कि पूरी व्यवस्था करके ट्रेन को सुचारू रूप से चालू करवाएं।”
तीन घंटे तक स्टेशन पर बैठा यात्री
सचिन ने बताया कि वह भीलवाड़ा से आए हैं और उनको सोमनाथ जाना है। उन्होंने कहा कि अधिकारी बोलते हैं कि सोमनाथ के लिए ट्रेन आएगी, लेकिन वह तीन घंटे से रेलवे स्टेशन पर बैठे हैं और अभी तक कोई ट्रेन नहीं है। उन्होंने कहा, “मेरे को कोई भरोसा नहीं है। सुविधा मिलेगी भी नहीं। मेरे को ऐसा लग रहा है। यहां के जो हालात देख रहे हैं। इससे प्रशासन और रेलवे विभाग कोई निर्णय नहीं ले रहा है।”
भारी बारिश से नदियां उफान पर
अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सूरत जिले में नदियां और अन्य जलाशय उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। अहमदाबाद में केवल दो घंटे में 66 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे कई सड़कों पर जलभराव हो गया और यातायात प्रभावित हुआ। दक्षिण गुजरात में भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए मुंबई जाने वाली कई रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया या उनका मार्ग छोटा कर दिया गया।
(वडोदरा से सत्यम नेवास्कर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
सूरत में भराभराकर गिरीं 3 जर्जर इमारतें, सामने आया इमारत ढहने का LIVE वीडियो