Last Updated:
Gumla Samosa Shop: आज के इस मॉडर्न दुनिया में खाने पीने में भी आधुनिकता का दौर चल रहा है. इस कारण आजकल फास्ट फूड का प्रचलन चरम पर है. चाहे गांव हो या शहर आपको सभी जगह फास्ट फूड की स्टॉलें बड़ी आसानी से मिल जाएंगी. जहां आपको आज के दौर का पसंदीदा व्यंजन जैसे मोमो, बर्गर, पिज्जा, रोल, चाऊमीन, चिल्ली आदि बड़ी ही आसानी से मिल जाएंगे, लेकिन इन सभी व्यंजनों के बीच आज भी एक खास चीज है, जिसे लोग समोसा के नाम से जानते हैं. वहीं, इसे झारखंड के गुमला जिले में सिंघाड़ा के नाम से जाना जाता है, जिसका जलवा आज भी सभी वर्ग के लोगों के बीच बरकरार है.
बता दें कि समोसा एक ऐसा नमकीन है, जिसे हर उम्र के लोग पसंद करते हैं. चाहे बच्चे हों, युवा हों या बुजुर्ग. इसके स्वाद का जलवा सभी लोगों को खूब भाता है. यही कारण है कि गांव हो या शहर हर चौक-चौराहे पर समोसे की दुकान जरूर आपको मिल जाएगी. वहीं,
कुछ दुकानों के समोसे इतने टेस्टी होते हैं कि वे उस होटल की पहचान बन जाते हैं. ऐसा ही गुमला के घाघरा प्रखंड के आदर गांव में एक लाजवाब व टेस्टी समोसा की 50 साल पुरानी दुकान है, जहां मिलने वाले समोसे के स्वाद के कारण उसकी बादशाहत आज भी कायम है.
दुकानदार सतदेव महतो ने लोकल 18 से बताया कि गुमला जिले के घाघरा प्रखंड के बड़ा अजियातु गांव के वह रहने वाले हैं. उनके गांव के सटे आदर में साप्ताहिक बाजार लगता है. यहां बाजार में वह लगभग 50 सालों से अपना होटल चला रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता भी यही होटल चलाते थे. उन्हीं से यह काम सीखा था. इसके बाद वह खुद 50 सालों से अपना होटल चला रहे हैं. उनके यहां दुकान पर समोसा ,आलू चाप, धुसका ,बर्रा ,जलेबी, पकौड़ी आदि बनाई जाती है, लेकिन उनके यहां सबसे ज्यादा डिमांड समोसा की ही रहती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह मात्र 10 पैसे प्रति पीस के हिसाब से बिक्री करते थे. जहां आज धीरे-धीरे महंगाई बढ़ती गई और रेट भी बढ़ती गई, लेकिन उनके यहां मिलने वाले समोसे का क्रेज आज भी बरकरार है. आज उनके यहां समोसे के स्वाद में कोई कमी नहीं आई है. इस वजह से दुकान पर ग्राहकों को तांता लगा रहता है अगर आज कीमत की बात करें तो वर्तमान में ₹15 जोड़ा के हिसाब से समोसा मिलता है.
वहीं, उनके यहां समोसे के साथ टमाटर की स्पेशल चटनी भी परोसी जाती है, जिसका स्वाद लोगों को खूब भाता है. वहीं, उनकी दुकान आदर में लगने वाले साप्ताहिक बाजार रविवार और बुधवार के दिन सुबह 8:00 बजे से शाम के 7:00 बजे तक सजी रहती है. उन्होंने बताया कि उनके यहां समोसा अच्छे तरीके से तैयार किया जाता है, जिसे आप घर में भी ट्राई कर सकते हैं.
समोसा बनाने के लिए सबसे पहले मैदा लें, फिर उसमें मोयन के रूप में डालडा, नमक, अजवाइन ,मंगरैला आदि डालकर पानी से गूंथ लें. अब आलू का मसाला तैयार करने के लिए आलू को छीलकर मैश लें. फिर उसमें जीरा, हल्दी, लहसुन, धनिया, गरम मसाला, बादाम, मसाले मिलाएं. फिर मैदा से लोई बनाकर, बेलकर उसमें तैयार आलू मसाला को बेलकर तेल में छानकर गर्मा गर्म परोसें.