Pizza Sauce Recipe: घर पर पिज़्ज़ा बनाना अब सिर्फ वीकेंड का शौक नहीं रहा, बल्कि कई परिवारों की किचन रूटीन का हिस्सा बन चुका है. बच्चों की बर्थडे पार्टी हो, दोस्तों के साथ मूवी नाइट या फिर अचानक कुछ अलग खाने का मन, पिज़्ज़ा अक्सर पहली पसंद बन जाता है, लेकिन एक चीज़ है जिस पर ज़्यादातर लोग ध्यान नहीं देते-पिज़्ज़ा सॉस. अक्सर लोग बाजार में मिलने वाले पैकेटबंद सॉस का इस्तेमाल कर लेते हैं, जबकि इनमें प्रिज़र्वेटिव, अतिरिक्त चीनी और कई बार ज़्यादा सोडियम भी होता है, अगर आप घर पर पिज़्ज़ा बना रहे हैं, तो क्यों न उसका सबसे अहम हिस्सा भी ताज़ा और अपने स्वाद के हिसाब से तैयार किया जाए?
अच्छी बात यह है कि पिज़्ज़ा सॉस बनाना न तो मुश्किल है और न ही इसमें ज़्यादा समय लगता है. कुछ आम सामग्री और सिर्फ पांच आसान स्टेप की मदद से आप ऐसा सॉस तैयार कर सकते हैं, जो स्वाद में किसी भी रेस्तरां से कम नहीं होगा.
घर का बना पिज़्ज़ा सॉस क्यों है बेहतर?
घरेलू पिज़्ज़ा सॉस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें आप हर चीज़ अपनी पसंद के मुताबिक डाल सकते हैं, अगर आपको हल्का तीखा स्वाद पसंद है, तो मिर्च के फ्लेक्स बढ़ा सकते हैं. बच्चों के लिए बना रहे हैं, तो मसाले कम रख सकते हैं. इसके अलावा, घर पर बना सॉस पूरी तरह ताज़ा होता है और इसमें किसी तरह के कृत्रिम रंग या प्रिज़र्वेटिव नहीं होते. यही वजह है कि आजकल हेल्थ कॉन्शियस लोग पैक्ड सॉस की बजाय होममेड विकल्प चुन रहे हैं.
पिज़्ज़ा सॉस बनाने के लिए सामग्री
1. 1000 ग्राम पिसे हुए टमाटर
2. 1 बड़ा चम्मच ऑलिव ऑयल
3. 1 बारीक कटा प्याज
4. 3 लहसुन की कलियां
5. 1 छोटी चम्मच सूखा ऑरिगेनो
6. 1/2 छोटी चम्मच सूखा बेसिल पाउडर
7. 1/4 छोटी चम्मच चिली फ्लेक्स
8. 1/2 छोटी चम्मच नमक
9. 1/4 छोटी चम्मच काली मिर्च
10. 1/4 कप पानी
सिर्फ 5 स्टेप में तैयार करें स्वादिष्ट पिज़्ज़ा सॉस
स्टेप 1: प्याज और लहसुन को भूनें
सबसे पहले एक पैन में ऑलिव ऑयल गर्म करें. अब इसमें बारीक कटा प्याज और लहसुन डालकर धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इससे सॉस में गहराई वाला स्वाद आता है.
स्टेप 2: टमाटर और मसाले मिलाएं
अब पैन में पिसे हुए टमाटर डालें. इसके बाद ऑरिगेनो, बेसिल पाउडर, चिली फ्लेक्स, नमक और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें.
स्टेप 3: धीमी आंच पर पकाएं
मिश्रण में एक चौथाई कप पानी डालें और इसे 15 से 20 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि सॉस तले में चिपके नहीं. पकने के बाद सॉस थोड़ा गाढ़ा हो जाएगा.
स्टेप 4: सॉस को स्मूद बनाएं
अगर आपको बिल्कुल मुलायम और रेस्तरां जैसा टेक्सचर चाहिए, तो सॉस को थोड़ा ठंडा करके ब्लेंड कर लें. इससे इसमें मौजूद छोटी गांठें खत्म हो जाएंगी और सॉस एकदम चिकना बन जाएगा.
स्टेप 5: पिज़्ज़ा पर लगाएं और बेक करें
अब तैयार सॉस को पिज़्ज़ा बेस पर समान रूप से फैलाएं. अपनी पसंद की सब्जियां, चीज़ या अन्य टॉपिंग्स डालें और पिज़्ज़ा को बेक कर लें.
स्टोर करने का सही तरीका
अगर सॉस बच जाए, तो उसे एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में 4 से 5 दिन तक रखा जा सकता है. वहीं, फ्रीजर में स्टोर करने पर यह करीब एक महीने तक ताज़ा बना रहता है.
एक छोटी सी टिप
कई लोग सॉस में हल्की मिठास के लिए एक चुटकी चीनी भी डालते हैं, खासकर तब जब टमाटर ज्यादा खट्टे हों. हालांकि, यह पूरी तरह आपकी पसंद पर निर्भर करता है. घर का बना पिज़्ज़ा सॉस न सिर्फ स्वाद में बेहतर होता है, बल्कि यह आपके पिज़्ज़ा को एक अलग और ताज़ा पहचान भी देता है. अगली बार जब भी घर पर पिज़्ज़ा बनाएं, तो पैक्ड सॉस की जगह यह आसान रेसिपी जरूर आजमाएं.