Homemade Amchur Powder: ग्रामीण इलाकों में इन दिनों कच्चे आमों से अचार और अमचूर बनाने का काम तेजी से शुरू हो गया है. गांव की महिलाएं अभी से पूरे साल के इस्तेमाल के लिए अमचूर तैयार करने में जुटी हैं. घरों के आंगन और छतों पर सूखते आम के टुकड़े गर्मियों की पारंपरिक पहचान बन गए हैं. सबसे पहले आमों को पानी में भिगोकर अच्छी तरह साफ किया जाता है ताकि धूल और गंदगी पूरी तरह निकल जाए, इसके बाद आम का छिलका उतारकर उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. कटे आमों को साफ कपड़े या बड़ी थालियों में फैलाकर कई दिनों तक तेज धूप में सुखाया जाता है. जब आम पूरी तरह सूख जाता है, तब उसे सिलबट्टे, ओखली या मशीन में पीसकर बारीक पाउडर बनाया जाता है. यही पाउडर देसी अमचूर कहलाता है, जिसका इस्तेमाल पूरे साल रसोई में किया जाता है. तैयार अमचूर पाउडर को महिलाएं डिब्बों या प्लास्टिक कंटेनर में सुरक्षित रखती हैं, ताकि उसमें नमी न पहुंचे और वह लंबे समय तक खराब न हो.