होमफोटोलाइफ़फूड

घर पर बनाएं क्रिस्पी मिनी समोसा, लाजवाब स्वाद का कोई तोड़ नहीं, देखें रेसिपी

Last Updated:

अगर आप बाजार के समोसों की बजाय घर पर हाइजीनिक और कुरकुरे स्नैक्स बनाना चाहते हैं, तो मिनी समोसा एक बेहतरीन विकल्प है. खास बात यह है कि इन्हें एक बार बनाकर 15 से 20 दिनों तक आसानी से स्टोर किया जा सकता है. चाय के साथ परोसें या मेहमानों को खिलाएं, हर किसी को इसका स्वाद पसंद आएगा.

समोसे का नाम सुनकर मुंह में पानी न आए, ऐसा कैसे हो सकता है. कुछ गर्मागर्म खाने का दिल करें या घर पर कोई छोटी पार्टी हो समोसे का जिक्र पहले आता है, ऐसे में अकसर बाहर से ही इसे मंगवा लिया जाता है, लेकिन उन समोसे के हाइजीन की गारंटी कोई दुकानदार नहीं देता. कितना पुराना तेल या किस किस्म का मसाला उसमें उपयोग किया गया. इस बारे में जानकारी नहीं होती. कैसा हो कि इन्हें घर पर बनाया जाए.

आइए आपको बताते है बहुत कम समय में बनने वाले समोसे की रेसिपी, मिनी समोसा के रेसिपी की खास बात ये है कि न केवल आप इसे गर्मागर्म खा सकते है, बल्कि चाय के साथ खाए जाने वाले नमकीन के रूप में प्रिजर्व भी रख सकते हैं.

एक बड़े प्याले में मैदा निकाल लीजिए और 2 बड़े चम्मच घी, 1/4 छोटा चम्मच नमक और 1/4 छोटा चम्मच अजवायन डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लीजिए. थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए समोसे के आटे जैसा सख्त आटा गूंथ लीजिए. आटे को ढककर के 20-25 मिनट के लिये रख दीजिए. आटा सैट होकर तैयार हो जाएगा.

Add News18 as
Preferred Source on Google

समोसे के लिए स्टफिंग बनाने के लिए मिक्सर जार लीजिए. इसमें आलू भुजिया डाल दीजिए. साथ में, तिल, सौंफ पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, चीनी और नमक डालकर सभी चीजों को हल्का दरदरा पीस लीजिए. काजू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट कर तैयार कर लीजिए. आप चाहें तो किशमिश को भी छोटा-छोटा काट सकते हैं. मिश्रण को प्याली में निकाल लीजिए. इस मिश्रण में बारीक कटे हुए काजू, किशमिश और इमली का पल्प डालकर अच्छे से मिक्स कर दीजिए.

सैट हुए आटे को थोड़ा सा मसल लीजिए. इसके बाद इससे छोटी-छोटी लोईयां तोड़ लीजिए, फिर एक लोई उठाएं उसे अच्छे से मसलते हुए गोल पेड़े का आकार दीजिए और बेलन से लम्बाई में बेलते हुए हल्का सा मोटा बेल लीजिए. बेली गई लोई को दो बराबर के भागों में चाकू की सहायता से काट लीजिए. एक भाग को तिकोन बनाते हुए मोड़िए और तिकोन बनाते समय दोनों सिरे पानी से चिपका दीजिए.

उसके बाद तिकोन में आधा-पौना चम्मच स्टफिंग भरिए. स्टफिंग भरने के बाद, पीछे के किनारे में एक प्लेट डाल दीजिए, ऊपर के दोनों किनारों को पानी की सहायता से चिपका दीजिए. इसी तरह से सारे समोसे तैयार कर लीजिए. समोसों को 15-20 मिनट के लिए ऐसे ही रहने दीजिए.

समोसे तलने के लिए कढ़ाही में तेल डालकर गरम कीजिए. समोसे तलने के लिए हल्का गरम तेल होना चाहिए और आग भी धीमी ही रखें. तेल को हल्का गरम होने पर इसमें समोसे डाल दीजिए. जब समोसे तैर कर ऊपर आ जाएं, तो समोसों को पलट दीजिए और फिर इन्हें पलट-पलट कर अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए.

समोसे गोल्डन ब्राउन होने पर कलछी की मदद स‌े निकालिए और कढ़ाही के ऊपर रोककर रख लीजिए, ताकि अतिरिक्त तेल समोसों स‌े निकल कर कढ़ाही में वापस चला जाए. समोसे निकाल कर प्लेट में रख लीजिए. एक बार के समोसे तलने में 17-18 मिनट लगते हैं.

एकदम अलग जायके के गरमा गरम मिनी समोसे बनकर तैयार हैं, समोसे परोसे और खाइए. समोसों को पूरी तरह से ठंडा हो जाने के बाद कंटेनर में भर कर रख दीजिए और 15 से 20 दिन तक जब भी समोसे खाने का मन करे इसे कंटेनर से निकालें और खा लीजिए.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment