Biscuit Roti Recipe: आजकल बच्चे बाजार में मिलने वाले चिप्स, नमकीन और दूसरे जंक फूड की ओर ज्यादा आकर्षित होते हैं. ऐसे में घर पर आसानी से बनने वाली पारंपरिक छत्तीसगढ़िया बिस्किट रोटी एक बेहतरीन विकल्प बनकर सामने आई है. सूजी, आटा, मैदा, नारियल और ड्राई फ्रूट से तैयार होने वाली यह कुरकुरी रोटी स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी होती है, जिसे खासतौर पर स्कूली बच्चों के टिफिन में शामिल किया जा सकता है.
बिस्किट रोटी बनाने के लिए सूजी, गेहूं का आटा, मैदा, सूखा नारियल (खोपरा), ड्राई फ्रूट, खड़ी शक्कर और दूध की जरूरत होती है. ये सभी सामग्री आसानी से घर में उपलब्ध हो जाती हैं और बच्चों के लिए पौष्टिक नाश्ता तैयार करने में मदद करती है.
ऐसे तैयार करें मिश्रण
सबसे पहले सूजी, आटा, मैदा, नारियल खोपरा और ड्राई फ्रूट को अच्छी तरह मिलाया जाता है. इसके बाद खड़ी शक्कर को बारीक पीसकर पाउडर बनाया जाता है और मिश्रण में मिलाया जाता है. फिर इसमें दूध डालकर अच्छी तरह फेंटा जाता है, जिससे मुलायम लोई तैयार हो जाती है.
रोटी को दें बिस्किट का आकार
तैयार लोई को एक थाली या समतल जगह पर गोल रोटी के आकार में बेल लिया जाता है. इसके बाद चाकू की मदद से इसे छोटे-छोटे चौकोर या मनचाहे आकार के टुकड़ों में काट लिया जाता है, ताकि तलने के बाद यह बिस्किट जैसा कुरकुरा बन सके.
सुनहरा होने तक करें तलाई
एक कढ़ाई में तेल गर्म करें. तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद कटे हुए टुकड़ों को उसमें डालकर 5 से 7 मिनट तक सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तलने के बाद इन्हें निकालकर ठंडा होने दें. तैयार होते ही स्वादिष्ट बिस्किट रोटी खाने के लिए तैयार हो जाती है.
बच्चों के टिफिन के लिए बेहतरीन विकल्प
यह बिस्किट रोटी बच्चों के टिफिन के लिए एक शानदार विकल्प है. इसमें सूजी, आटा, नारियल और ड्राई फ्रूट होने के कारण स्वाद के साथ पोषण भी मिलता है. घर में बनी होने की वजह से इसमें अनावश्यक प्रिजर्वेटिव या कृत्रिम फ्लेवर नहीं होते.
जंक फूड का दे सकती है विकल्प
अगर बच्चों को नियमित रूप से यह कुरकुरी बिस्किट रोटी खिलाई जाए, तो बाजार के चिप्स और अन्य जंक फूड की आदत कम की जा सकती है. स्वाद और कुरकुरेपन के कारण बच्चे इसे पसंद करते हैं और यह घर का बना एक बेहतर व स्वास्थ्यवर्धक नाश्ता साबित हो सकता है.