मैंगो सीजन आते ही लोग आम से बनी नई-नई चीजें ट्राई करना पसंद करते हैं. अगर आप भी कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो मैंगो वेफर्स चीज़केक एक शानदार विकल्प हो सकता है. इसमें आम की मिठास, चीज़केक की क्रीमी बनावट और वेफर्स की हल्की कुरकुराहट एक साथ मिलती है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है और किसी खास मौके पर सर्व भी किया जा सकता है.
यह डेजर्ट दिखने में जितना सुंदर लगता है, खाने में उतना ही मजेदार होता है. अगर घर में मेहमान आने वाले हों या बच्चों को कुछ खास खिलाना हो, तो यह रेसिपी सबको पसंद आ सकती है. इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा मुश्किल सामग्री की जरूरत नहीं होती.
जरूरी सामग्री
2 पके आम का गूदा, 200 ग्राम क्रीम चीज़, 1 कप व्हिपिंग क्रीम, 10 से 12 वेफर्स बिस्किट, 2 बड़े चम्मच मक्खन, 4 बड़े चम्मच पिसी चीनी, 1 छोटा चम्मच जिलेटिन या अगर-अगर, 2 बड़े चम्मच गुनगुना पानी, थोड़े कटे आम के टुकड़े और सजावट के लिए वेफर्स.
पहला स्टेप: बेस तैयार करें
सबसे पहले वेफर्स बिस्किट को हाथ से तोड़ लें या मिक्सर में हल्का पीस लें. अब इसमें पिघला हुआ मक्खन मिलाएं. इस मिश्रण को केक टिन या किसी गहरे बर्तन में दबाकर फैला दें. इसे चम्मच की मदद से बराबर करें ताकि बेस मजबूत बने. अब इसे 15 से 20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें.
दूसरा स्टेप: मैंगो फिलिंग बनाएं
एक बाउल में क्रीम चीज़ लें और उसे अच्छी तरह फेंटें ताकि उसमें गाठें न रहें. अब इसमें पिसी चीनी मिलाएं. इसके बाद आम का गूदा डालकर दोबारा अच्छी तरह मिक्स करें. मिश्रण जितना स्मूद होगा, चीज़केक उतना अच्छा बनेगा. अब दूसरे बर्तन में व्हिपिंग क्रीम को हल्का फेंट लें और इसे भी आम वाले मिश्रण में मिला दें. इससे फिलिंग हल्की और क्रीमी बनेगी.
तीसरा स्टेप: सेटिंग के लिए मिश्रण तैयार करें
अगर आप जिलेटिन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसे गुनगुने पानी में घोल लें. अगर अगर-अगर ले रहे हैं, तो उसे पैकेट के निर्देश के अनुसार तैयार करें. अब इसे मैंगो फिलिंग में डालकर तुरंत अच्छी तरह मिला लें. इससे चीज़केक सही तरीके से सेट होगा.
चौथा स्टेप: टिन में भरें
अब फ्रिज में रखा वेफर्स बेस बाहर निकालें. उसके ऊपर तैयार मैंगो फिलिंग डालें और स्पैचुला से ऊपर की सतह बराबर कर दें. चाहें तो बीच में आम के छोटे टुकड़े भी डाल सकते हैं.
पांचवां स्टेप: फ्रिज में सेट करें
तैयार चीज़केक को कम से कम 5 से 6 घंटे के लिए फ्रिज में रखें. अगर रातभर रखा जाए, तो और अच्छा सेट होगा. ध्यान रखें इसे फ्रीजर में न रखें, वरना टेक्सचर खराब हो सकता है. सेट होने के बाद ऊपर से आम के स्लाइस, क्रश वेफर्स, पुदीने की पत्तियां या थोड़ी क्रीम से सजाएं. इससे डेजर्ट और भी आकर्षक लगेगा.
स्वाद बढ़ाने के टिप्स
अगर ज्यादा मैंगो फ्लेवर चाहिए, तो थोड़ा मैंगो एसेंस डाल सकते हैं. मीठापन अपने स्वाद के हिसाब से कम-ज्यादा करें. वेफर्स की जगह डाइजेस्टिव बिस्किट भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं.