Tea Flavor Science: भारत में चाय सिर्फ सुबह की शुरुआत नहीं, बल्कि लोगों की आदत, दोस्ती, बातचीत और सुकून का हिस्सा है. किसी के लिए बेड टी जरूरी होती है, तो कोई शाम की थकान मिटाने के लिए एक कप चाय का इंतजार करता है. यही वजह है कि चाय को लेकर हर इंसान की अपनी पसंद होती है. कोई हल्की चाय पीना पसंद करता है, तो किसी को कड़क मसाला चाय चाहिए होती है, लेकिन अक्सर घरों में एक सवाल सुनने को मिलता है कि क्या चाय को ज्यादा देर तक उबालने से उसका स्वाद खराब हो जाता है?

कई लोग मानते हैं कि ज्यादा देर तक खौलाने से चाय और स्वादिष्ट बनती है, जबकि कुछ लोग इसे कड़वाहट की वजह बताते हैं. सच यह है कि चाय का स्वाद सिर्फ चायपत्ती से तय नहीं होता, बल्कि उसे बनाने का तरीका भी उतना ही अहम होता है. पानी का तापमान, उबालने का समय और चाय की किस्म -ये तीनों चीजें मिलकर तय करती हैं कि आपकी चाय शानदार बनेगी या कड़वी. इंटरनेशनल टी डे के मौके पर समझते हैं चाय उबालने के पीछे का पूरा विज्ञान और जानते हैं कि आखिर ज्यादा उबालने से स्वाद पर क्या असर पड़ता है.

चाय का स्वाद कैसे बदलता है?
जब चायपत्ती गर्म पानी के संपर्क में आती है, तो उसमें मौजूद कई नेचुरल कंपाउंड्स बाहर निकलने लगते हैं. इनमें कैफीन, पॉलीफेनॉल्स और टैनिन जैसे तत्व शामिल होते हैं. यही चीजें चाय को रंग, खुशबू और स्वाद देती हैं, अगर चाय सही समय तक उबाली जाए, तो उसका फ्लेवर बैलेंस रहता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा देर तक खौलाने पर यही तत्व ज्यादा मात्रा में निकलने लगते हैं, जिससे चाय का स्वाद कड़वा महसूस होने लगता है.

क्यों बढ़ जाती है कड़वाहट?
चाय को लंबे समय तक उबालने पर ओवर-एक्सट्रैक्शन होने लगता है. आसान भाषा में समझें तो चायपत्ती से जरूरत से ज्यादा फ्लेवर और केमिकल्स निकलने लगते हैं. इससे चाय की नेचुरल मिठास कम हो जाती है और कसैलापन बढ़ जाता है. खासकर ग्रीन टी और व्हाइट टी जैसी हल्की चाय में यह असर बहुत जल्दी दिखाई देता है. यही वजह है कि एक्सपर्ट्स इन्हें कम तापमान और कम समय में बनाने की सलाह देते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

हर चाय के लिए अलग होता है उबालने का तरीका
सभी तरह की चाय एक जैसी नहीं होती. ब्लैक टी और भारतीय मसाला चाय को थोड़ा ज्यादा उबालने पर उनका स्वाद और गहरा हो जाता है. दूध, अदरक, इलायची और मसालों के साथ जब चाय पकती है, तो उसका फ्लेवर मजबूत बनता है, लेकिन यहां भी एक लिमिट होती है, अगर चाय बहुत ज्यादा देर तक खौलती रहे, तो उसकी खुशबू कम होने लगती है और स्वाद भारी महसूस हो सकता है.

स्टीपिंग और बॉयलिंग में क्या फर्क है?
चाय बनाने के दो तरीके सबसे ज्यादा इस्तेमाल होते हैं -स्टीपिंग और बॉयलिंग. स्टीपिंग में चायपत्ती को सिर्फ गर्म पानी में कुछ मिनट तक रखा जाता है. इससे चाय का हल्का और नेचुरल स्वाद बना रहता है. यह तरीका ग्रीन टी, हर्बल टी और व्हाइट टी के लिए बेहतर माना जाता है. वहीं बॉयलिंग में चाय को सीधे पानी में खौलाया जाता है. भारतीय घरों में बनने वाली दूध वाली चाय इसी तरीके से तैयार की जाती है. इससे चाय का स्वाद ज्यादा स्ट्रॉन्ग बनता है.

बार-बार उबाला पानी भी बिगाड़ सकता है स्वाद
कई लोग केतली में बचा हुआ पानी दोबारा उबालकर चाय बना लेते हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स मानते हैं कि बार-बार उबाला गया पानी चाय के स्वाद को प्रभावित कर सकता है. दरअसल, दोबारा उबालने पर पानी में मौजूद ऑक्सीजन कम हो जाती है. इससे चाय फ्रेश नहीं लगती और उसका फ्लेवर थोड़ा फीका महसूस हो सकता है.

परफेक्ट चाय बनाने के आसान टिप्स
अगर आप चाहते हैं कि आपकी चाय हर बार शानदार बने, तो कुछ छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है. चायपत्ती को जरूरत से ज्यादा देर तक न उबालें. ताजा पानी इस्तेमाल करें. ग्रीन टी को हल्के गर्म पानी में बनाएं. मसाला चाय को मीडियम फ्लेम पर पकाएं.
चाय में दूध डालने के बाद बहुत देर तक न खौलाएं. सही मात्रा में चायपत्ती डालें.

क्या कड़क चाय हमेशा खराब होती है?
ऐसा बिल्कुल नहीं है. कई लोगों को स्ट्रॉन्ग और कड़क चाय पसंद होती है, अगर सही बैलेंस में चाय बनाई जाए, तो उसका गहरा स्वाद काफी मजेदार लगता है. परेशानी तब होती है जब चाय जरूरत से ज्यादा पक जाती है और उसका नेचुरल फ्लेवर खत्म होने लगता है.



Source link

Write A Comment