साउथ अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहम सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सितंबर में होने वाली तीन मैचों की ODI सीरीज से बाहर हो गए हैं। इतना ही नहीं, अक्टूबर में होने वाली टेस्ट सीरीज में उनके खेलने पर भी संशय बना हुआ है। अगर चोट गंभीर हुई तो रबाडा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में कई बड़े मैचों से बाहर हो सकते हैं।

क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने 21 अगस्त को बताया था कि ट्रेनिंग के दौरान रबाडा की हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है। इसके चलते उनका विंटर ट्रेनिंग प्रोग्राम प्रभावित हुआ है। उस समय बोर्ड ने कहा था कि रबाडा की स्थिति पर मेडिकल टीम नजर रख रही है और आगे उनकी जांच की जाएगी। हालांकि, रविवार को सामने आई एक रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी। अफ्रीकी वेबसाइट रापोर्ट ने रबाडा के लायंस टीम के गेंदबाजी कोच एलन डोनाल्ड के हवाले से बताया कि तेज गेंदबाज की दाईं हैमस्ट्रिंग में ग्रेड-3 टियर है और उन्हें करीब 9 से 10 सप्ताह तक मैदान से बाहर रहना पड़ सकता है। अगर यह जानकारी सही साबित होती है तो रबाडा के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पूरी टेस्ट सीरीज में खेलना मुश्किल हो सकता है।

टेस्ट सीरीज का 9 अक्टूबर से आगाज

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 9 अक्टूबर से किंग्समीड में शुरू होगी। दूसरा टेस्ट 17 अक्टूबर से खेला जाना है, जबकि तीसरा मुकाबला 25 अक्टूबर से न्यूलैंड्स में खेला जाना है। 21 अगस्त से 10 सप्ताह का समय 16 अक्टूबर के आसपास पूरा होगा, यानी रबाडा सीरीज की शुरुआत तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए तो कम से कम पहला टेस्ट मिस कर सकते हैं।

CSA ने रबाडा की चोट पर स्पष्ट किया कि वह फिलहाल मेडिकल टीम की निगरानी में रिहैबिलिटेशन के शुरुआती चरण में हैं। बोर्ड के मुताबिक, वह 24 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन मैचों की ODI सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे। टेस्ट सीरीज के लिए उनका सिलेक्शन उनकी रिकवरी पर निर्भर करेगा और अंतिम फैसला सीरीज के करीब लिया जाएगा।

रबाडा के आंकड़े शानदार

रबाडा साउथ अफ्रीका के मौजूदा गेंदबाजों में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 73 टेस्ट मैचों में 340 विकेट चटकाए हैं और उनका औसत 22.03 रहा है। तेज पिचों पर उनकी गति, अनुभव और आक्रामकता साउथ अफ्रीका के लिए बेहद अहम है। साउथ अफ्रीका को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अगले फाइनल में जगह पक्की करने के लिए ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट मैचों के अलावा श्रीलंका में भी मुकाबले खेलने हैं।

यह भी पढ़ें:

CPL इतिहास में पहली बार, ड्वेन ब्रावो की नंबर 47 जर्सी हुई रिटायर, ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स ने दिया स्पेशल सम्मान

वैभव सूर्यवंशी को बीच मैच में मिली कप्तानी, ईस्ट जोन के कप्तान चोटिल होकर मैदान से गए बाहर

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment