नई दिल्ली: मानसून सत्र के दौरान विपक्ष की ओर से छात्र आंदोलन को लेकर सदन में चर्चा कराने की मांग पर सरकार तैयार हो गई है। संसदीय कार्यमंत्री किरन रिजिजू ने आज संसद में संसद के बाहर भी मीडिया को दिए बयान में कहा कि सरकार इस पर डिटेल में चर्चा कराएगी, एक-एक बात का जवाब दिया जाएगा। गृह मंत्री सदन में जवाब देंगे। लेकिन रिजिजू ने कहा कि सरकार की ओर से जो जवाब दिया जाएगा, उसे विपक्ष को सुनना होगा। ऐसा नहीं कि जब सरकार के गृह मंत्री की ओर से जवाब दिया जाने लगे तो विपक्ष के लोग हो-हल्ला और फिर हंगामा करने लगें या फिर सदन से भाग जाएं। उन्हें सरकार का जवाब सुनना चाहिए।
दरअसल, राम मंदिर चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही बाधित हुई और प्रश्नकाल तथा शून्यकाल नहीं चल सके।
लोकसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू होते ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के सदस्य अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर शोर-शराबा करने लगे।