Last Updated:
भारत की सेमीकंडक्टर कहानी अब सिर्फ सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रह गई है. SEMICON India 2026 में ऐसी तकनीकें देखने को मिल रही हैं, जो आने वाले समय में कार, रोबोट और AI का अनुभव बदल सकती हैं. एक चिप से कार में कई स्क्रीन चलाने से लेकर इंसानों से बातचीत करने वाले स्मार्ट रोबोट तक, यहां दिखाई गई तकनीकें भविष्य की झलक देती हैं.
SEMICON India 2026: एक चिप बदलेगी कार और रोबोट की दुनिया!
भारत में सेमीकंडक्टर की कहानी अब सिर्फ भाषणों और योजनाओं तक सीमित नहीं है. दिल्ली के यशोभूमि में चल रहे SEMICON India 2026 में इसकी झलक साफ दिखाई दे रही है. यहां एक तरफ भारत में चिप के व्यावसायिक उत्पादन की शुरुआत की बात हो रही है, तो दूसरी तरफ ऐसी तकनीकें भी सामने आ रही हैं जो आने वाले समय में कार, रोबोट, फैक्ट्री और एआई की दुनिया बदल सकती हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने SEMICON India 2026 के उद्घाटन के दौरान साफ कहा कि भारत अब सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में सिर्फ नीति बनाने के दौर से आगे निकल चुका है.
2022 में जहां चर्चा नीति और योजनाओं से शुरू हुई थी, वहीं अब भारत में बने चिप व्यावसायिक उत्पादन और ग्राहकों तक पहुंचने के दौर में हैं. पीएम मोदी ने बताया कि मोहाली और सूरत में दो और प्लांटों में व्यावसायिक उत्पादन शुरू हुआ है. सरकार ने सेमीकंडक्टर मिशन के दूसरे चरण के लिए करीब 13.5 अरब डॉलर का आकार तय किया है. लेकिन SEMICON की असली तस्वीर सिर्फ बड़े प्लांट और बड़े निवेश की नहीं है. यहां यह भी देखने को मिल रहा है कि एक छोटा सा चिप कितनी बड़ी तकनीकी ताकत अपने अंदर रखता है.
एक चिप और कार बन सकती है चलता-फिरता होम थिएटर
SEMICON में दिखाई गई तकनीकों में से एक ऐसा चिप डिजाइन भी है जो कार के अंदर मनोरंजन का पूरा अनुभव बदल सकता है. डिजिटल कॉकपिट में एक ऐसी सिंगल स्क्रीन व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिसे ड्राइवर और को-पैसेंजर दोनों इस्तेमाल कर सकते हैं. खास बात ये है कि एक चिप एक साथ कई स्क्रीन को ऑपरेट कर सकता है.
यानी आने वाले समय में कार सिर्फ आने-जाने का साधन नहीं होगी. उसमें एक साथ कई स्क्रीन चल सकती हैं और कार के अंदर ही होम थिएटर जैसा एक्सपीरियंस बनाया जा सकता है. ये दिखाता है कि सेमीकंडक्टर सिर्फ मोबाइल या कंप्यूटर की चीज़ नहीं है. आज चिप कार की तकनीक से लेकर मनोरंजन तक, हर जगह की रीढ़ बनती जा रही है.
यूनिक रोबोट
सेमीकंडक्टर की ताकत का एक और दिलचस्प उदाहरण रोबोटिक्स में दिखाई दे रहा है. ऐसे चिप डिजाइन किए जा रहे हैं जिन्हें अलग-अलग तकनीकों के साथ जोड़कर रोबोट में लगाया जा सकता है. इनका मकसद रोबोट को सिर्फ आदेश मानने वाली मशीन से आगे ले जाना है. यानी आप रोबोट से बात कर सकें, अपनी परेशानी बता सकें और वह आपको जवाब दे सके.
भविष्य में ऐसे रोबोट बातचीत, सहायता और साथ देने की भूमिका निभा सकते हैं. इसके पीछे असल ताकत सिर्फ रोबोट का ढांचा नहीं है. उसके अंदर लगे चिप, सेंसर, एआई और कंप्यूटिंग सिस्टम मिलकर उसे ज्यादा स्मार्ट बनाते हैं.