दिल्ली में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला तीसरा T20I मुकाबला भले ही सीरीज के लिहाज से औपचारिकता भर रह गया हो, लेकिन टीम इंडिया के लिए इसकी अहमियत कम नहीं है। भारत पहले ही तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। अब श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम की नजरें अफगानिस्तान का 3-0 से सूपड़ा साफ करने पर हैं। एशियन गेम्स 2026 में अभियान शुरू होने से पहले क्लीन स्वीप टीम के आत्मविश्वास को और बढ़ाने का काम कर सकता है।

अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले का सबसे बड़ा सवाल प्लेइंग इलेवन को लेकर है। युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अब तक मौका नहीं मिला है। ऐसे में फैंस की नजरें इस बात पर रहेंगी कि क्या टीम मैनेजमेंट उन्हें सीरीज के आखिरी मैच में इंटरनेशनल क्रिकेट में उतरने का मौका देता है। हालांकि, ओपनिंग में बदलाव करना आसान नहीं होगा। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन दोनों ही शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में अगर सूर्यवंशी को मौका देना है तो टीम को बैटिंग ऑर्डर में बदलाव करना पड़ सकता है या फिर किसी खिलाड़ी को आराम देने का फैसला लेना होगा। सीरीज पहले ही भारत के नाम हो चुकी है, इसलिए टीम मैनेजमेंट के पास बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को आजमाने का ऑप्शन मौजूद है।

भारत ने 15 सितंबर को खेले गए दूसरे T20I मुकाबले में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम की थी। इससे पहले टीम इंडिया ने पहला मैच भी जीतकर बढ़त बनाई थी। दूसरे मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने एक बार फिर अफगानिस्तान के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। इस मैच में ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी भारत की जीत के प्रमुख खिलाड़ियों में रहे। पहले मुकाबले में ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाने के बाद नितीश ने शानदार वापसी की और तीन विकेट अपने नाम किए। 

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, नूर अहमद, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), गुलबदीन नैब, मुजीब उर रहमान, नूर उल रहमान, मोहम्मद नबी, फजलहक फारूकी, सेदिकुल्लाह अटल, राशिद खान, दरविश रसूली, नांगेयालिया खरोती, नवीन-उल-हक, अब्दुल्ला अहमदजई। 

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, यश ठाकुर।

 

Latest Cricket News





Source link

Write A Comment