मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब का कहर देखने को मिला, जहां जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की जान चली गई और कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सागर के बंडा ब्लॉक के अलग-अलग इलाके में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेटियल जांच के आदेश दे दिए हैं। इस बीच मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मध्यप्रदेश में जहरीली शराब के चलते हुए इस खूनी खेल का उत्तर प्रदेश के ललितपुर से कनेक्शन निकला है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि सागर में जिस जहरीली शराब ने 10 लोगों की जान ले ली वह उत्तर प्रदेश के ललितपुर से लाई जा रही थी।
यूपी से एमपी में जहरीली शराब की सप्लाई
सागर पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ये जहरीली शराब उत्तर प्रदेश के ललितपुर से सप्लाई की जा रही थी। पिछले दिनों पुलिस ने अवैध और नकली शराब के तस्करों को पकड़ा था, जिन्होंने पूछताछ में खुलासा किया कि ललितपुर में बनी शराब अवैध रूप से सागर में सप्लाई की जा रही थी। इस शराब को सागर के बंडा और उसके आस-पास के क्षेत्रों में सस्ते दामों पर बेचा जा रहा था। इस खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं पीड़ित परिवार भी कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
10 किलोमीटर की रेडियस में हो रही जांच
सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने इस मामले पर बात करते हुए कहा- ‘हमारी टीम 10 किलोमीटर की रेडियस में जांच कर रही है। जिनमें भी सिंपटम नजर आए उन्हें अंडर ऑब्जर्वेशन रखा गया है। जहरीली शराब के सेवन से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। हमने 10 km के अंदर के गांव की स्क्रीन कराई है। लोगों से लगातार टीमें जाकर पूछताछ कर रही हैं। ऐसे लोगों की तलाश की जा रही है जिन्होंने पिछले 36 घंटे या 72 घंटे में शराब का सेवन किया है। कई ऐसे लोग निकल कर आए हैं। उन्हें फिलहाल अंडर ऑब्जर्वेशन रखा है। इसी के साथ कई शराब की दुकानें सील की गई हैं। इस मामले में पुलिस को ललितपुर कनेक्शन मिला है। पुलिस उसे भी इन्वेस्टिगेशन कर रही है।’
मामले की मजिस्ट्रेटियल जांच होगी
सागर कलेक्टर ने बताया कि इस मामले में एक मजिस्ट्रेटियल इंक्वारी की जा रही है। बता दें, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। सीएम मोहन यादव ने सागर में जहरीली शराब के चलते जान गंवाने वालों और उनके परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और कहा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ये भी स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाएं बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।